हरियाणा के हिसार की रहने वाली यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इसी बीच ज्योति की एक तस्वीर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में ज्योति भाजपा की टोपी पहने नजर आ रही है। तस्वीर को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ज्योति भाजपा से जुड़ी हुई है।
अमर उजाला के पड़ताल में यह तस्वीर एआई जनरेटेड निकली है। जांच के दौरान पता चला कि ज्योति मल्होत्रा एक ट्रैवल यूट्यूबर हैं। वह देश-विदेश के स्थानों पर यात्रा से जुड़े संस्मरण और जगहों की जानकारी साझा करती हैं। उनके यूट्यूब चैनल पर 3.77 लाख सब्सक्राइबर और इंस्टाग्राम पर 1.33 लाख फॉलोअर्स हैं।
दावा क्या हो रहा है
दरअसल, सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि ज्योति मल्होत्रा भारतीय जनता पार्टी से जुड़ी हुई हैं।
डॉ अनूप आनंद नाम के एक इंस्टाग्राम यूजर ने ज्योति मल्होत्रा की तस्वीर शेयर करके लिखा कि क्या यही देशभक्त है और कट्टर हिंदू है। पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के कई और दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इसकी आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने अमर उजाला की न्यूज डेस्क से संपर्क किया। इस दौरान हमें एक रिपोर्ट मिली कि ज्योति हरियाणा की चर्चित यूट्यूबर हैं। उनको पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। उन पर पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों को संवेदनशील जानकारी देने का गंभीर आरोप है। खबर में कहीं भी ज्योति के किसी पार्टी से संबंध होने की बात नहीं बताई गई थी। हमने ज्योति का किसी पार्टी संबंध होने की मीडिया रिपोर्ट भी खोजने की कोशिश की लेकिन हमें ऐसी कोई रिपोर्ट देखने को नहीं मिली।

इस फोटो को ध्यान से देखने के पर हमें फोटो में कुछ काल्पनिक चीजें दिखी, जो असल फोटो में देखने को आमतौर पर नहीं मिलती है। फोटो की क्वालिटी काफी हाई थी। साथ ही फोटो का बैकग्राउंड काफी ब्लर था। इससे फोटो के एआई होने के बारे में संदेह हुआ। इसके बाद हमने फोटो को एआई इमेज डिटेक्शन टूल से सर्च किया। एआई डिटेक्टर टूल हाइव मॉडरेशन पर इस फोटो के 99.9 फीसदी एआई से बने होने की संभावना जताई गई।

पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि ज्योति की भाजपा की टोपी पहने हुए फोटो एआई से बनी हुई है। फोटो को भाजपा से जोड़कर झूठा दावा किया जा रहा है।