वेनेजुएला पर बड़ी अमेरिकी सैन्य कार्रवाई के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को फिर से दूसरे हमले की चेतावनी जारी की। डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि हम दूसरे हमले के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनका बर्ताव नहीं सुधरा तो हम दूसरा हमला करेंगे। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक हेलीकॉप्टर इमारत के ऊपर से जाते हुए दिख रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो वेनेजुएला पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो तीन साल पुराना है। इस वीडियो का वेनेजुएला पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई से कोई संबंध नहीं है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो वेनेजुएला पर अमेरिकी सैन्य कार्रवाई का है।
स्काई फाइटर्स क्लब नाम के इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा,”डेल्टा फोर्स घुसपैठ (03:00): जेएसओसी (संयुक्त विशेष अभियान कमान) के समन्वय के तहत डेल्टा फोर्स (सेना) और नेवी सील्स (नौसेना) और 160वीं एसओएआर नाइट स्टॉकर जैसी इकाइयों का संयुक्त अभियान, अमेरिकी विशेष अभियान सिद्धांत के शिखर का प्रतिनिधित्व करता है।” पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें onlyindade नाम के इंस्टाग्राम यूजर के अकाउंट पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 25 जनवरी 2023 को साझा किया गया है। इसके साथ ही यहां लिखा गया है कि आपके अपार्टमेंट के ऊपर आसमान में इतना बड़ा हेलिकॉप्टर क्यों मंडरा रहा है? (और नहीं, हम युद्ध में नहीं हैं।) आप अभी हमारे ऊपर सैन्य विमानों को उड़ते हुए इसलिए देख रहे हैं क्योंकि मियामी-डेड में 25 जनवरी तक रक्षा विभाग का एक अभ्यास चल रहा है। चेतावनी: निवासियों को अभ्यास से संबंधित सामान्य से अधिक शोर का अनुभव हो सकता है, जिसमें सैन्य विमान और हेलिकॉप्टर शामिल हैं।
आगे की पड़ताल में हमें Chi11monger नाम के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो भी 25 जनवरी 2023 को साझा किया गया है। इसके साथ ही यहांं बताया गया है कि यह वीडियो चिनूक सैन्य अभ्यास मियामी के दौरान का है।
इसके बाद की पड़ताल के लिए हमने कीवर्ड से सर्च किया। इस दौरान हमें nbcmiami की वेबसाइट की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 25 जनवरी 2023 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में हमें वायरल वीडियो से मिलती कुछ क्लिप देखने को मिलीं। इसके साथ ही यहां बताया गया है कि मियामी के आसमान में तेज आवाज करते और नीची उड़ान भरते सैन्य हेलीकॉप्टरों को देखकर सोशल मीडिया पर कई लोग यह सोचने लगे कि क्या मंगलवार रात को किसी प्रकार का अभियान चल रहा था। मियामी-डेड पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह रक्षा विभाग द्वारा दिया जाने वाला मात्र प्रशिक्षण है। प्रशिक्षण बुधवार को भी जारी रहने की उम्मीद है और पुलिस ने चेतावनी दी है कि निवासियों को “सैन्य विमानों से जुड़े सामान्य से अधिक शोर का सामना करना पड़ सकता है।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को करीब तीन साल पुरान पाया है। यह वीडियो मियामी रक्षा प्रशिक्षण का है।








