ईरान-इस्राइल के बीच जंग जारी है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में पक्षियों का झुंड मंडराते नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ईरान के हमले के बाद से इस्राइल के तेल अवीव में कौवे मंडरा रहे हैं।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो दो साल पहले से सोशल मीडिया पर मौजूद है। इस वीडियो का ईरान-इस्राइल युद्ध से कोई संंबंध नहीं है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि ईरान के हमले के बाद से इस्राइल के तेल अवीव में कौवे मंडरा रहे हैं।
Focusfront.media नाम के इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा,” इस्राइल के प्रमुख शहर तेल अवीव में उस समय हैरानी का माहौल बन गया जब आसमान में हजारों कौवों का एक विशाल झुंड मंडराता हुआ दिखाई दिया। इस दुर्लभ दृश्य का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे लाखों लोग देख चुके हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, काले बादलों की तरह उड़ते पक्षियों का यह समूह कई मिनटों तक शहर के ऊपर चक्कर लगाता रहा, जिससे लोगों में उत्सुकता और आशंका दोनों बढ़ गईं। कई संस्कृतियों में कौवों के बड़े झुंड को विशेष संकेतों और प्रतीकों से जोड़कर देखा जाता है, जिस कारण ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि, वन्यजीव विशेषज्ञों का कहना है कि इस प्रकार की घटनाएं प्रवास, मौसम परिवर्तन या भोजन की तलाश जैसी प्राकृतिक वजहों से भी हो सकती हैं। फिलहाल इस घटना को लेकर आधिकारिक स्तर पर कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है, लेकिन वीडियो ने इंटरनेट पर जिज्ञासा जरूर बढ़ा दी है।” पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें Reddit पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो दो साल पहले साझा किया गया है। इसके साथ ही यहां लिखा है कि मैं टेक्सास से दूर ही रहूंगा।
आगे की पड़ताल हमें UFO, Aliens & Ancient Secrets नाम के फेसबुक अकाउंट पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 1 साल पहले साझा किया गया है। इसके साथ ही यहां बताया गया है कि टेक्सास में हजारों कौवों ने एक सुपरमार्केट को घेर लिया! ऐसा क्यों हुआ????
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को पुराना पाया है। यह वीडियो सोशल मीडिया पर दो साल पहले से मौजूद है।








