Fact Check: पाकिस्तान में बस पलटने के वीडियो को महाकुंभ 2025 का बताकर किया जा रहा शेयर, पड़ताल में पढ़ें सच
ऑटो-ट्रांसपोर्ट

Fact Check: पाकिस्तान में बस पलटने के वीडियो को महाकुंभ 2025 का बताकर किया जा रहा शेयर, पड़ताल में पढ़ें सच

Spread the love


सोशल मीडिया पर एक वीडियो क्लिप काफी वायरल है, जिसमें एक बस किसी नाले में पलटी हुई दिखाई दे रही है। करीब 16 सेकंड की इस क्लिप में कुछ युवक लोगों को नाले से बाहर निकालते हुए नजर आ रहे हैं। इस दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ मौजूद है। यूजर्स इस क्लिप को महाकुंभ 2025 से जोड़कर शेयर कर रहे हैं। वीडियो के साथ दावा किया गया है कि महाकुंभ मेले में जा रही यह बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई और इसमें 10 लोगों की मौत हो गई।

पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क की जांच में वायरल दावा फर्जी साबित हुआ। जांच में पता चला कि वायरल वीडियो का महाकुंभ से कोई संबंध नहीं है। मूल वीडियो पाकिस्तान के लाहौर शहर के रायविंड कस्बे का है। यूजर्स पाकिस्तान में हुई इस घटना को महाकुंभ 2025 से जोड़कर गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।

दावा 

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘इंस्टाग्राम’ पर एक यूजर ने 31 जनवरी को एक वीडियो शेयर किया। यूजर ने वीडियो के कैप्शन में लिखा, “#विरल महाकुंभ में जाने वाली बस गिर गई नाले में”

वहीं, वीडियो के अंदर लिखा है, “महाकुंभ जाने वाली बस गिर गई नाले में 10 बच्चे और आदमी मर गए।” पोस्ट का लिंकआर्काइव लिंक और स्क्रीनशॉट यहां देखें।

सोशल मीडिया पर कई अन्य यूजर्स ने इस वीडियो को समान दावे के साथ शेयर किया है। पोस्ट का लिंक यहां (आर्काइव) और यहां (आर्काइव) क्लिक कर देखें।

पड़ताल

दावे की पुष्टि के लिए डेस्क ने सबसे पहले इनविड टूल की मदद से वीडियो के ‘की-फ्रेम्स’ निकाले और फिर इसे रिवर्स इमेज सर्च किया। इस दौरान पीटीआई को यह वीडियो 3 नवंबर 2024 को फेसबुक पेज ‘Hangu and Orakzai Fans’ पर अपलोड मिला। यूजर ने इस वीडियो को लाहौर के रायविंड का बताकर शेयर किया था। पूरा वीडियो यहां क्लिक कर देखें।

प्राप्त जानकारी के आधार पर संबंधित ‘की-वर्ड’ की मदद से गूगल सर्च करने पर हमें इस घटना से जुड़ी रिपोर्ट पाकिस्तानी मीडिया आउटलेट ‘Aaj TV’ के यूट्यूब चैनल पर मिला। यूट्यूब पर 3 नवंबर 2024 को अपलोड किए गये इस वीडियो रिपोर्ट में बताया गया कि रायविंड से लौट रही एक बस रोही नाले में गिर गई। 

रिपोर्ट में दी गई जानकारी के अनुसार, दो बसें एक दूसरे को ओवरटेक कर रही थीं, तभी रोही नाले के पास, जहां पर सड़क कच्ची थी, वहां टायर फिसलने से बस असंतुलित होकर नाले में गिर पड़ी। बताया गया कि बस में 70 लोग सवार थे। वीडियो रिपोर्ट यहां क्लिक कर देखें।

डेस्क ने वायरल वीडियो और न्यूज रिपोर्ट में दिखाए गए दृश्य की तुलना की, जिसका स्क्रीनशॉट यहां देखें।

पाकिस्तानी मीडिया आउटलेट ट्रिब्यून की वेबसाइट पर प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, लाहौर के रायविंड में वार्षिक तब्लीगी जमात के कार्यक्रम से लौट रही एक बस रविवार को नाले में गिर गई। घटना के वक्त बस में 70 से अधिक लोग सवार थे, जिनमें से 29 यात्री घायल हो गए। बताया गया कि 15 घायलों को रायविंड के तहसील मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया और गंभीर रूप से घायल एक अन्य यात्री को जनरल अस्पताल में शिफ्ट किया गया। पूरी रिपोर्ट यहां पढ़ें।

इस घटना से जुड़ी खबर को पाकिस्तान के कई मीडिया आउटलेट ने प्रकाशित किया है, जिसे यहां और यहां क्लिक कर पढ़ें।

हमारी अब तक की जांच से यह स्पष्ट है कि वायरल वीडियो का महाकुंभ से कोई संबंध नहीं है। मूल वीडियो पाकिस्तान के लाहौर शहर के रायविंड का है, जहां यह घटना 3 नवंबर 2024 को हुई थी। यूजर्स पाकिस्तान में हुई इस घटना को महाकुंभ 2025 से जोड़कर गलत दावे के साथ सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं।

(This story was originally published by PTI as part of the Shakti Collective. Except for the headline and opening introduction para this story has not been edited by Amar Ujala staff)





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *