रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर चार साल बाद भारत दौरे पर आए थे। अपने दो दिवसीय दौरे के दौरान वे कई कार्यक्रमों में शामिल हुए। 4 और 5 दिसंबर को पुतिन भारत-रूस वार्षिक शिखर वार्ता, भारत-रूस बिजनेस फोरम के कार्यक्रम शामिल हुए। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में नजर आ रहा है कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन एक विमान में बैठे हैं। इसके साथ ही विमान की खिड़की से बाहर देख रहे हैं। वीडियो की अगली क्लिप में दिखता है कि उस विमान के पास फाइटर जेट दिख रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि पुतिन के विमान के भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश के बाद भारतीय वायुसेना के लड़ाकू ने उसे एस्कॉर्ट किया।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो पुतिन के 2017 के सीरिया दौरे का है। इस वीडियो का पुतिन के भारत दौरे से कोई संबंध नहीं है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि पुतिन के विमान के भारतीय हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने के बाद से भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान ने उसको एस्कॉर्ट किया।
मिथिलेश कुमार ठाकुर (@MithileshJMM) नाम के एक्स यूजर ने लिखा, “भारतीय वायुसेना के फाइटर जेट्स ने राष्ट्रपति पुतिन के विमान को भारतीय आकाश में एस्कॉर्ट किया। भरोसे, साझेदारी और दशकों पुरानी मित्रता का शानदार प्रतीक। 1950 के दशक से लेकर रक्षा, अंतरिक्ष, ऊर्जा और रणनीतिक साझेदारी तक भारत-रूस संबंध समय की कसौटी पर हमेशा खरे उतरे हैं। आज का यह क्षण बताता है कि दोनों देशों की साझेदारी का इतिहास तो है ही, भविष्य भी है।“ पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें कृष्णन कविराजन के नाम के यूट्यूब चैनल पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 28 जनवरी 2023 को प्रकाशित किया गया है। इसके साथ ही यहां लिखा है कि पुतिन रूसी लड़ाकू विमानों को अपने विमान की सुरक्षा करते हुए देखते हुए।
आगे की पड़ताल में हमें रूस इन यूनाइटेड किंगडम के फेसबुक पेज पर वायरल वीडियो का मूल वीडियो मिला। यहां हमें वायरल वीडियो 35 सकेंड से लेकर 1 मिनट तक देखने को मिला। यह वीडियो 13 दिसंबर 2017 को साझा किया गया है। इसके साथ ही लिखा है, “जैसे ही रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपनी अघोषित यात्रा के लिए पश्चिमी सीरिया के खमीमिम हवाई अड्डे पर उतरने की तैयारी कर रहे थे, उनका स्वागत सुखोई-35 लड़ाकू विमानों के एक दल ने किया। इसके बाद में व्लादिमीर पुतिन ने सीरिया में तैनात रूसी सैनिकों के एक बड़े हिस्से को वापस बुलाने की घोषणा की, जिससे क्षेत्र को स्पष्ट संदेश गया कि मिशन समाप्त हो गया है।”
इसके बाद आरटी न्यूज की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 11 दिसंबर 2017 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि व्लादिमीर पुतिन जब सीरिया के अपने पहले अघोषित दौरे के लिए पश्चिमी सीरिया स्थित खमीमिम एयरबेस पर उतरने की तैयारी कर रहे थे, तो सुखोई-30 लड़ाकू विमानों के एक दल ने उनका स्वागत किया और उन्होंने अपने विमान के अंदर से नजारा बेहतर ढंग से देखने के लिए अपनी गर्दन आगे की ओर झुका ली। यह बेस पिछले दो वर्षों से सीरिया में रूसी सैन्य अभियानों का केंद्र रहा है।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को आठ साल पुराना पाया है। इस वीडियो का पुतिन के भारत दौरे से कोई संंबंध नहीं है।








