ऑपरेशन सिंदूर के बाद से कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। जिनमें अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। ऐसा ही एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में दिख रहा है कि सड़क के किनारे एक पोस्टर लगा हुआ है। इस पोस्टर को बदलकर एक शख्स दूसरा पोस्टर लगा रहा है। पहले पोस्टर में लिखा है कि “मोदी को बता दो”। वहीं, दूसरे पोस्टर में लिखा गया है कि “मोदी को बता दिया”। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ा है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। पड़ताल में हमने पाया कि यह वीडियो एडिटेड है। असल में यह हॉलीवुड अभिनेता सेबेस्टियन स्टेन की थंडरबोल्ट्स’ फिल्म के पोस्टर की जगह ‘द न्यू एवेंजर्स’ का पोस्टर लगाने का वीडियो था। उसी वीडियो को एडिट कर के ऑपरेशन सिंदूर से जोड़कर वायरल किया जा रहा है।
क्या है दावा
वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है ऑपरेशन सिंदूर के बाद एक शख्स “मोदी को बता देने” वाले पोस्टर को हटाकर “मोदी को बता दिया” पोस्टर लगा रहा है।
वेल केयर एंड क्यूर नाम के इंस्टाग्राम यूजर ने लिखा “आतंक को सामने हम एकता का चुनाव करते हैं। हम पहलगाम हमले में मारे गए लोगों के लिए शोक मनाते हैं और न्याय और शांति के साथ राष्ट्र की गरिमा के लिए मजूबती से खड़े होते हैं। हर आवाज को हिंसा के खिलाफ बोलने दें”। पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के कई और दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इसकी आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। हमें मार्वल स्टूडियोज की एक्स हैंडल पर मूल वीडियो मिला है। मूल वीडियो में नजर आ रहा है कि अभिनेता सेबेस्टियन स्टेन ”थंडरबोल्ट्स’ फिल्म के पोस्टर की जगह ‘द न्यू एवेंजर्स’ का पोस्टर लगा रहे है।

इसके बाद हमने वीडियो में इस्तेमाल कीवर्ड से सर्च किया। इस दौरान हमें डेडलाइन की एक रिपोर्ट मिली। रिपोर्ट में बताया गया है कि सेबेस्टियन स्टेन ने ‘थंडरबोल्ट्स’ फिल्म के पोस्टर की जगह ‘द न्यू एवेंजर्स’ का पोस्टर लगाया है। हमें अपनी पड़ताल में वायरल हो रही पोस्टर से सबंधी कोई वीडियो या रिपोर्ट नहीं मिली। यहां से हमें स्पष्ट हुआ कि यह वीडियो एडिटेड है।

यहां से यह स्पष्ट है हो गया कि वीडियो को एडिट करके वायरल लिया जा रहा है। मूल वीडियो में किसी फिल्म के पोस्ट को प्रचार के उद्देश्य से बदलने का वीडियो शेयर किया गया है। लेकिन इसे ऑपरेशन सिंदूर से जोड़कर भ्रामक दावा किया जा रहा है।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में वायरल हो रहे वीडियो को झूठा पाया गया है। हमने पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो एडिटेड है।