बिहार में विधानसभा चुनाव में नामांकन की प्रक्रिया समाप्त हो गई है। सियासी दलों का प्रचार भी पूरे जोर पर है। पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होगा। वहीं, दूसरे चरण के लिए 11 नवंबर को मतदान होना है। नतीजे 14 नवंबर को आएंगे। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक शख्स एक व्यक्ति को जूतों की माला पहनाते हुए नजर आ रहा है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बिहार चुनाव में भाजपा प्रत्याशी को जूते की माला पहनाई गई है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो 2018 मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव का है। जहां नागदा में बीजेपी विधायक और उम्मीदवार दिलीप शेखावत को एक शख्स ने जूतों की माला पहना दी थी।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि बिहार चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को जूतों को माला पहनाई गई है।
मनीष मिश्रा नाम के फेसबुक यूजर ने लिखा, “भाजपा प्रत्याशी को जूते की माला पहनाकर स्वागत किया गया बिहार विधानसभा चुनाव।” पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें समाचार एजेंसी एएनआई के एक्स हैंडल पर एक पोस्ट मिली। यह पोस्ट 20 नवंबर 2018 को साझा की गई है। पोस्ट में बताया गया है कि मध्य प्रदेश के नागदा में एक व्यक्ति ने भाजपा विधायक और उम्मीदवार दिलीप शेखावत का जूतों की माला पहनाकर स्वागत किया।
आगे की पड़ताल में हमें एनडीटीवी की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 20 नवंबर 2018 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के दौरान नेताओं का कार्यकर्ताओं और वोटरों के पास आने-जाने का सिलसिला जारी है। इसी बीच मध्य प्रदेश के नागदा में बीजेपी विधायक और उम्मीदवार दिलीप शेखावत को एक शख्स ने उनके गले में जूतों की माला पहना दी।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो सात साल पुराना और मध्य प्रदेश का है। इस वीडियो का बिहार चुनाव से कोई संबंध नहीं है।








