सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक रेलवे स्टेशन के ट्रैक पर मछलियां तैरती दिख रही हैं। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो मुंबई में हुई हालिया बारिश के दौरान का है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो दो साल पुराना है। इसे अभी का बताकर शेयर किया जा रहा है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि मुंबई में हुई हालिया बारिश के बाद रेलव स्टेशन पर मछलियां नजर आ रही हैं।
विपिन पटेल नाम के एक्स यूजर ने लिखा,’मुंबई में भारी बारिश के कारण railway track पर मछलियां तैरती दिख रही हैं।’ पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।
इसी तरह के अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें Trains of India नाम के एक्स अकाउंट पर वायरल वीडियो देखने को मिला। यह वीडियो 9 जुलाई 2024 को साझा किया गया है। इसके साथ ही यहां बताया गया है कि इंडियन रेलवेज ❌ इंडियन वॉटरवेज ✅ मुंबई में भारी बारिश का असर, समुद्री जीव-जंतु अनजान जगहों की सैर पर निकले।
इसके बाद हमें financial express की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 10 जुलाई 2024 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि मुंबई लगातार हो रही बारिश से जूझ रही है, जिससे लोगों की जिंदगी बहुत मुश्किल हो गई है। शहर में सोमवार, 8 जुलाई की सुबह तक 24 घंटों में 300 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हुई, जो इस मौसम की पहली भारी बारिश थी। इसी बीच एक वीडियो ऑनलाइन सामने आया है जिसमें ट्रेन की पटरियों पर जमा पानी में कैटफिश तैरती हुई दिख रही हैं। इस वीडियो ने मजाक और मीम्स की बाढ़ ला दी है, जिसमें स्टेशनों की तुलना पानी में रहने वाले जीवों के लिए अचानक बने किसी ठिकाने से की जा रही है।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को दो साल पुराना पाया है।








