सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया जा रहा है, इस वीडियो में पाकिस्तान की महिला खिलाड़ी मैदान में स्प्रे छिड़कती हुई नजर आ रही हैं। इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि पाकिस्तानी महिला क्रिकेट टीम की कप्तान फ़ातिमा सना भारत के खिलाफ मैच के दौरान मैदान पर एयर फ्रेशनर छिड़कती नज़र आ रही हैं। यह वीडियो शेयर करके भारतीय खिलाड़ियों का मजाक उड़ाया जा रहा है।
आपको बता दें कि भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार (5 अक्टूबर, 2025) को कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में आईसीसी विश्व कप 2025 के एक मैच में पाकिस्तान को 88 रनों से हरा दिया। यह वीडियो इसी मैच के दौरान का है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी पड़ताल में सामने आया है कि वीडियो में फातिमा सना कीड़ों को भगाने के लिए कीटनाशक का छिड़काव कर रही थीं। यहां तक कि कीड़ों के चलते मैच को बीच में रोकना भी पड़ा था।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि भारत-पाकिस्तान के महिला विश्व कप के दौरान पाकिस्तान की महिला क्रिकेट टीम की कप्तान फातिमा सना ने मैदान में भारतीय खिलाड़ियों के आने के बाद एयर फ्रेशनर छिड़का।
खुरुम नवाज़ बंगश (@NawazKhurum) नाम के एक एक्स यूजर ने इस वीडियो को शेयर करके लिखा “भारतीयों के मैदान पर उतरने से पहले पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने एयर फ्रेशनर स्प्रे का इस्तेमाल किया” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
इस तरह के कई और दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इसके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें इससे संबंधित एक मीडिया रिपोर्ट हिदुस्तान टाइम्स की एक मीडिया रिपोर्ट में देखने को मिली। 5 अक्तूबर को पोस्ट की गई इस रिपोर्ट में लिखा गया था “रविवार को आर. प्रेमदासा स्टेडियम में भारत-पाकिस्तान महिला विश्व कप 2025 के मुकाबले के दौरान एक अजीबोगरीब वाकया देखने को मिला, जब पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने कीड़ों के झुंड के कारण खेल को कुछ देर के लिए रोक दिया। इसके बाद कप्तान फ़ातिमा सना ने कीड़ों से अकेले ही मुकाबला किया। हालाँकि उनके “कीट नियंत्रण” के प्रयास कीड़ों को दूर रखने में नाकाम रहे।
इस रिपोर्ट में बारे में और अधिक जानने के लिए हमने अमर उजाला के स्पोर्टस डेस्क से संपर्क किया। यहां हमें पता चला कि रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच महिला विश्व कप का मुकाबला कीड़ों के कारण रोकना पड़ा। मैदान पर काफी कीड़े थे जिस कारण खिलाड़ियों को खेलने में दिक्कतें हो रही थीं। इस कारण दो बार मैच बाधित हुआ।
कोलंबो के आर प्रेमादासा स्टेडियम में कीड़ों के आतंक के कारण मैच करीब 15 मिनट तक रोका गया। मैदानकर्मियों ने कीड़ों को भगाने के लिए स्प्रे का छिड़काव किया जिसके बाद मैच दोबारा शुरू हुआ। हालांकि, ओवरों में किसी तरह की कटौती नहीं की गई है। छिड़ाव के कारण दोनों टीमों के सदस्यों से मैदान से बाहर जाने कहा गया।
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि कीड़े भगाने के स्प्रे छिड़कने के वीडियो को भ्रामक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।








