सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में मेट्रो स्टेशन पर लोगों की भीड़ नजर आ रही है। वीडियो को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि शुक्रवार की नमाज के बाद से लोगों ने दिल्ली मेट्रो में बिना किराया दिया सफर किया।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल वीडियो सात महीने पहले का है, जिसे हालिया बताकर शेयर किया जा रहा है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि शुक्रवार को मुसलमानों ने दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर किराये की चोरी की है।
स्काईथंडरएक्स (@SkythunderX09) नाम के एक्स यूजर ने लिखा, “ये वीडियो दिल्ली की है कल शुक्रवार की नमाज के बाद भारतीय मुसलमानों ने दिल्ली मेट्रो स्टेशन पर शांतिपूर्वक बड़े पैमाने पर किराये की चोरी की। यह पहली बार है जब मैंने भारत के किसी मेट्रो स्टेशन पर अमेरिकी शैली में किराया चोरी देखी है। यह आने वाले भारत की तस्वीर है, ये संविधान और सेकुलरिज्म की दुहाई तब तक ही है जब तक हिंदू बहुसंख्यक है! जिस दिन मुसलमान बहुसंख्यक होगा उस दिन भारत के हर कोने से ऐसी ही तस्वीर आयेगी!।“ पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के कई अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें एनडीटीवी इंडिया के एक्स हैंडल पर एक पोस्ट मिली। यह पोस्ट 15 फरवरी 2025 को साझा की गई है। पोस्ट में लिखा है “दिल्ली मेट्रो में गेट से कूदकर यात्रियों के बाहर निकलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल डीएमआरसी ने वायरल वीडियो को लेकर बताया कि यह घटना गुरुवार 13 फरवरी की शाम को जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर हुई थी, जो वायलेट लाइन पर है”
आगे की पड़ताल के लिए हमने अमर उजाला के न्यूज डेस्क से संपर्क किया। यहां हमें एक रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 15 फरवरी 2025 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में लिखा है “दिल्ली मेट्रो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ लोग जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के एग्जिट गेट को कूदकर बाहर निकलते हुए दिखाई दे रहे रहे हैं।”
इसके बाद हमें द इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 15 फरवरी 2025 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन पर यात्रियों द्वारा किराया संग्रह द्वार को लांघने का एक वीडियो वायरल हो गया है, जिस पर ऑनलाइन प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। यह घटना 13 फरवरी को दिल्ली मेट्रो की वायलेट लाइन पर हुई। वीडियो में, बड़ी संख्या में यात्रियों को एएफसी लांघकर जा रहे हैं। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) ने वायरल वीडियो पर कहा है कि उस समय यात्रियों की संख्या में अचानक वृद्धि हुई थी। डीएमआरसी के प्रमुख कार्यकारी निदेशक (कॉर्पोरेट संचार) अनुज दयाल ने कहा, “गुरुवार शाम को कुछ समय के लिए यात्रियों की संख्या में अस्थायी वृद्धि हुई थी, जब उनमें से कुछ लोग एएफसी गेट को फांदकर बाहर निकल गए।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में पाया कि वायरल वीडियो सात महीने पुराना है। जिसे सांप्रदायिक दावे के साथ शेयर किया जा रहा है।








