सोशल मीडिया पर एक तस्वरी शेयर की जा रही है। इस तस्वीर में एक आदमी सड़क पर बैठा हुआ नजर आ रहा है। आदमी के सामने लिखा है ‘इंडिया आउट’ यानी भारत बाहर जाओ। इसके साथ ही अंग्रेजी में लिखा है भारत के उत्पादों का बहिष्कार करो। इस तस्वीर को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि एक बांग्लादेशी युवक सड़क पर भारत के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहा था। इस युवक को ट्रक ने कुचल दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। हमारी पड़ताल में सामने आया है कि यह तस्वीर 2024 की है। इसे भ्रामक तरीके से अभी की बताकर शेयर किया जा रहा है।
क्या है दावा
इस तस्वीर को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि भारत के खिलाफ बांग्लादेशी प्रदर्शनकारी को ट्रक से कुचल दिया।
फ्रंटलफोर्स (@FrontalForce) नाम के एक एक्स यूजर ने इस वीडियो को शेयर करके लिखा, “सड़क पर भारत के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे एक बांग्लादेशी प्रदर्शनकारी को एक ट्रक ने कुचल दिया, उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत गंभीर है।” पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
इस तरह के कई और दावों को लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इसके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने इस तस्वीर को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें यह तस्वीर डेली इंकलाब नाम की एक वेबसाइट पर देखने को मिली। यहां इस तस्वीर के साथ 27 मार्च 2024 को एक रिपोर्ट छापी गई थी।
आगे और सर्च करने पर हमें यह तस्वीर 12 फरवरी 2024 को अभिषेक बनर्जी नाम के एक फेसबुक अकाउंट पर देखने को मिली। इस तस्वीर के साथ कैप्शन लिखा गया था “मालदीव के बाद, अब ढाका, बांग्लादेश… हम अपने पड़ोसियों के साथ मिलजुलकर क्यों नहीं रह पा रहे हैं?? गलती किसकी है या किनकी है??”
यहां से हमें यह पता चला कि यहा तस्वीर 2024 से इंटरनेट पर मौजूद है। तस्वीर के अभी का होने की कोई जानकारी हमें कहीं नहीं मिली। हमें बांग्लादेश के नेता मो. तारेक रहमान के फेसबुक अकाउंट पर भी यह तस्वीर देखने को मिली। इस तस्वीर को 7 फरवरी 2024 को पोस्ट करके लिखा गया था “भारतीय उत्पादों का बहिष्कार करें बांग्लादेश से प्यार करें”
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि तस्वीर 2024 है जिसे हालिया बताकर भ्रामक दावा किया जा रहा है।








