हाथरस में सासनी कोतवाली अंतर्गत गांव बसगोई में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्ष आमने-सामने भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर फेंके गए। साथ ही हथियार भी चले। इस दौरान दोनों पक्षों से एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया, जहां से आठ लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव बसगोई में बच्चा दिलजीत शौच करने के लिए खेत में गया था, तभी दूसरे पक्ष के लोगों की उससे कहा सुनी हो गई और उन्होंने उसके साथ मारपीट कर दी। दिलजीत ने यह घटना अपने परिजनों को बताई तो उन्होंने मारपीट के बारे में दूसरे पक्ष से पूछा। जिससे दूसरा पक्ष उग्र हो गया और उनके साथ मारपीट करने लगा। दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ एवं धारदार हथियार से बार किया गया। जिसमें एक पक्ष से 52 वर्षीय सुखवीर,87 वर्षीय मिहीलाल, 75 वर्षीय हर प्रसाद, 35 वर्षीय गुड़िया, 45 वर्षीय राजकुमार, 52 वर्षीय हरी बाबू 21 वर्षीय राखी ,35 वर्षीय बीना घायल हो गए। दूसरे पक्ष के चार लोग भी घायल हो गए।
इससे गांव में अफरा-तफरी अपनी मच गई। लोग ईट-पत्थरों से बचकर अपने घरों में छुपते हुए नजर आए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस गांव में पहुंची और गंभीर हालत में घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया। जहां से एक तरफ के आठ लोगों को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार का कहना है कि विद्या देवी की तरफ से तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कराई जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं गांव बिर्रा में होली के दिन दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। साथ ही ईट-पत्थर भी फिंके। इसमें कोई जनहानि नहीं हुई। एक पक्ष के लोगों ने गांव में अन्य गांव से लड़के बुलाकर जमकर मारपीट एवं फायरिंग भी की। ग्रामीण पुनीत और हरिओम ने बताया कि गांव में अन्य गांव के इतने लड़के जमा हो गए थे कि दूसरे गांव के लोगों ने गांव में फायरिंग तक की। पुलिस को मौके से चले हुए कारतूस भी मिले। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने गांव से कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है। प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार का कहना है कि एक पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। दोनों पक्षों में थाने में बैठकर समझौता हो गया।








