नौबस्ता के एलिवेटेड पुल पर बुधवार शाम बेकाबू वैन की टक्कर से लेखपाल के 60 वर्षीय पिता की मौत हो गई। हादसे में उनका साथी घायल हो गया। दोनों महाराजपुर से एक अंतिम संस्कार से लौट रहे थे। खाड़ेपुर के योगेंद्र विहार निवासी व घाटमपुर में कार्यरत लेखपाल शुभम वर्मा के पिता बैद्यनाथ मंगलवार सुबह रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में शामिल होने ड्योढ़ी घाट गए थे। बेटे मयंक ने बताया कि शाम को पिता दो रिश्तेदारों के साथ बाइक से लौट रहे थे।
नौबस्ता के सिमरा गांव के पास एलिवेटेड पुल पर उनकी बाइक पंचर हो गई। इस पर एक लोग बाइक लेकर आगे-आगे चलने लगे जबकि बैद्यनाथ अपने दूसरे साथी मोनू के साथ पुल पर किनारे-किनारे पैदल चल रहे थे। तभी रामादेवी की ओर से आ रही तेज रफ्तार वैन ने दोनों को टक्कर मार दी। हादसे में बैद्यनाथ की मौके पर ही मौत हो गई और मोनू के पैर की हड्डी टूट गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने मोनू को हैलट अस्पताल भिजवाया। थाना प्रभारी बहादुर सिंह ने बताया कि वैन चालक को जल्द पकड़ लिया जाएगा।








