Varanasi News in Hindi: नौकरी के नाम पर धोखाधड़ी के मामले में कपसेठी थाने में गुरुवार को चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। कपसेठी के दिलावलपुर गांव के शिवम सिंह का आरोप है कि उसके भाई को नौकरी दिलाने के नाम पर 5.10 लाख रुपये ले लिए गए। पैसे की मांग करने पर अरविंद तिवारी, उसका भाई और पिता समेत चार लोगों ने जान से मारने की धमकी दी।
कपसेठी के दिलावलपुर गांव के शिवम सिंह ने तहरीर में आरोप लगाया है कि अकेलवा गांव निवासी अनुज कुमार उसके घर आता था। उसने भरोसा दिलाया कि वह उसके छोटे भाई हर्षित सिंह को जौनपुर के एक इंटर कॉलेज में बाबू की नौकरी दिलवा देगा। थानाध्यक्ष अरविंद सरोज ने बताया कि इस मामले में अरविंद तिवारी, शरद तिवारी, उपेंद्र तिवारी और अनुज सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
फर्जी पते पर पासपोर्ट बनाकर वाराणसी में रह रहे हिस्ट्रीशीटर को मिली जमानत
अपर सत्र न्यायाधीश (प्रथम) देवकांत शुक्ला की अदालत ने फर्जी पते पर पासपोर्ट बनाकर वाराणसी के जैतपुरा में रह रहे मऊ के हिस्ट्रीशीटर को गुरुवार को जमानत दे दी। सरवा, बिचलापुरा थाना सरायलखसी (मऊ) निवासी आरोपी शेख मुदस्सिर को एक-एक लाख रुपये की दो जमानतें और बंधपत्र देने पर रिहा करने का आदेश दिया।
अभियोजन पक्ष के अनुसार वादी यूपी एटीएस के निरीक्षक कुलदीप सिंह गौर ने जैतपुरा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि यूपी एटीएस को गलत नाम पते के फर्जी पासपोर्ट बनाने के संबंध में सूचना प्राप्त हुई। एटीएस की फील्ड यूनिट आजमगढ़ और वाराणसी ने 24 वर्षीय शेख मुदस्सिर निवासी सरवा, बिचलापुरा, पोस्ट सरवा, थाना सरायलखसी (मऊ) को गिरफ्तार किया। इसके विरुद्ध अनेक अपराध दर्ज हैं और थाने का हिस्ट्रीशीटर भी है। उक्त पासपोर्ट से शेख मुदस्सिर कई विदेश जा चुका है। उसको हिरासत में लेकर जेल भेज दिया।








