यूपी के गौतमबुद्धनगर जिले में चल रहे कर्मचारियों के प्रदर्शन और जगह-जगह लगे जाम का असर अब आम लोगों की जेब पर भी पड़ने लगा है। हालात का फायदा उठाते हुए कई ऑटो चालकों ने किराया दोगुना कर दिया है। जहां पहले ₹10 लिया जाता था, वहां अब ₹20 वसूले जा रहे हैं, जबकि ₹20 वाले रूट पर ₹40 तक मांगे जा रहे हैं।
ऑटो चालकों का कहना है कि जैसे कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, वैसे ही उन्हें भी अपनी आय बढ़ाने का अधिकार है। वहीं, यात्रियों में इसको लेकर नाराजगी साफ दिख रही है।
एक महिला यात्री ने बताया कि वह सुबह से ऑटो का इंतजार कर रही थीं, लेकिन अधिक किराया और कम ऑटो मिलने के कारण उन्हें ऑफिस पहुंचने में देरी हुई। ऐसे में रोजाना सफर करने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है और प्रशासन से राहत की उम्मीद की जा रही है।