भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा के लिए पिछला साल अच्छा नहीं रहा था। दोनों रन बनाने में संघर्ष कर रहे थे जिसके बाद उनकी संन्यास की बातें होने लगी। आइडिया एक्सचेंज में आए ऑस्ट्रेलिया के कप्तान रिकी पोंटिंग से दोनों के संन्यास को लेकर सवाल किया गया। साथ ही राहुल द्रविड़ के साथ पुराने वाकया को लेकर भी बात की गई।
रिकी पोंटिंग से सवाल किया गया था कि जब राहुल द्रविड़ करियर में एक खराब दौर से गुजर रहे थे तब उन्होंने भारतीय बल्लेबाज को सलाह दी थी। अब जब रोहित शर्मा और विराट कोहली इसी दौर से गुजर रहे हैं तो वह उन्हें क्या सलाह देना चाहेंगे।
पोटिंग ने बताया कि द्रविड़ का ऑस्ट्रेलियाई दौरा अच्छा नहीं गया था। द्रविड़ इस बात से काफी निराश थे। ऐसे में पोंटिंग ने उनसे बात की और अहम सलाह दी। पोंटिंग ने कहा, ‘हम सभी देख सकते थे कि वह संघर्ष कर रहा था, और मीडिया में बहुत चर्चा थी, और यह सब उसे थका रहा था। राहुल और मैं हमेशा बहुत अच्छे से साथ रहे हैं। हम एक दूसरे के कट्टर प्रतिद्वंद्वी थे, दोनों ही लंबे समय तक अपने देशों के लिए नंबर 3 बल्लेबाज़ थे। ऐसे खिलाड़ियों के लिए, क्लास और क्वालिटी कभी नहीं जाती।’
पोंटिंग ने द्रविड़ को संन्यास लेने की जगह अपनी खूबियों पर फिर से काम करने को कहा। उन्होंने कहा, ‘मैंने उनसे बात की और कहा कि देखो, सभी बाहरी चीज़ों को भूल जाओ, खुद पर विश्वास करो, और उन चीज़ों पर वापस जाओ, जिन्होंने तुम्हें एक अच्छा खिलाड़ी बनाया है। यदि तुम उस पर ध्यान केंद्रित करते हो और छोटी-छोटी चीज़ों के बारे में चिंता नहीं करते, तो मुझे यकीन है कि तुम अपने करियर को एक मज़बूत नोट पर समाप्त कर सकते हो।’
अपनी बात जारी रखते हुए पोंटिंग ने कहा, ‘मैंने बस इतना ही कहा। वह चला गया और उसने ऐसा किया और अंदाज़ा लगाओ क्या हुआ? जब मैं अपने करियर के अंत में था, तो मुझे उससे वही संदेश मिला। वह सबसे पहले फ़ोन पर आया और मुझे उन चीज़ों से अवगत कराया जो मुझे उससे कहना था।”
पोंटिंग ने हालांकि कहा कि वह यह सलाह रोहित शर्मा और विराट कोहली नहीं देंगे। उन्होंने कहा, ‘मैं उन्हें वही संदेश भेजूंगा या नहीं जो मैंने आईपीएल की शुरुआत में राहुल द्रविड़ को भेजा था, यह एक अलग सवाल है (मुस्कुराते हुए)। लेकिन मुझे उन लोगों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते देखना अच्छा लगता है, और उम्मीद है कि वे आने वाले सालों तक खेलेंगे।”









