T20 Mumbai 2025: टी20 मुंबई लीग 2025 के 19वें मैच में नॉर्थ मुंबई पैंथर्स के कप्तान व ओपनर बल्लेबाज पृथ्वी शॉ ने गजब की पारी खेली। पृथ्वी शॉ के बल्ले से काफी समय के बाद इस तरह की पारी सामने आई। उन्होंने श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली ट्रायम्फ्स नाइट्स एमएनई टीम के गेंदबाजों जमकर क्लास लगाई और शतक के करीब पहुंचकर उससे चूक गए। उन्होंने इस पारी के दौरान 220 की ज्यादा की स्ट्राइक रेट से रन बनाए।
पृथ्वी शॉ ने 220.59 की स्ट्राइक रेट से बनाए 75 रन, 23 गेंदों पर ठोका अर्धशतक
श्रेयस अय्यर की टीम के खिलाफ पृथ्वी शॉ ने ओपन करते हुए गजब की पारी खेली और मैदान पर आते ही बड़े-बड़े शॉट लगाने शुरू कर दिए। हालांकि उनके ओपनिंग पार्टनर दिव्यांश सक्सेना एक रन बनाकर आउट हो गए, लेकिन वो दूसरी तरफ से बेखौफ खेलते रहे। पृथ्वी ने इस मैच में अपना अर्धशतक सिर्फ 23 गेंदों पर पूरा किया।
इसके बाद भी उनका जलवा जारी रहा और उन्होंने इस मैच में 34 गेंदों पर 75 रन ठोक डाले। इस दौरान उनके बल्ले से 3 छक्के और 12 चौके निकले। अपनी 75 रन की पारी के दौरान उन्होंने 66 रन सिर्फ बाउंड्री से जुटाए। उन्होंने ये रन 220.59 की स्ट्राइक रेट से बनाए और दूसरे विकेट के लिए अर्जुन जायसवाल के साथ मिलकर 62 रन की अहम साझेदारी की।
पृथ्वी शॉ की कप्तान वाली नॉर्थ मुंबई पैंथर्स के लिए हर्षल जाधव ने 30 गेंदों पर 46 रन की पारी खेली जबकि आयुष ने 11 गेंदों पर 11 रन की पारी खेली। इसके अलावा सौरव सिंह ने 12 गेंदों पर तेज 15 रन की पारी खेली। नॉर्थ मुंबई पैंथर्स ने इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था।









