आगरा में गिरते भूगर्भ जलस्तर की समस्या से निपटने के लिए आगरा नगर निगम शहर में 10 जगह रिचार्ज पॉइंट बनाएगा। केंद्र सरकार के कैच द रेन अभियान के तहत सोमवार को नगर निगम के कार्यकारिणी कक्ष में वर्षा जल संचयन पर कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें पीपुल्स साइंस इंस्टीट्यूट और नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ अर्बन अफेयर्स ने बारिश का पानी सहेजने और भूगर्भ जलस्तर में सुधार के उपाय बताए।
ये भी पढ़ें – UP: बेटे की मौत की सूचना, कमरे में निकली बहू की लाश; ताला टूटा तो सामने आया चौंकाने वाला सच
कार्यशाला में जल निगम, वन विभाग, नगर निगम, जलकल विभाग, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, आगरा स्मार्ट सिटी लिमिटेड तथा विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। विशेषज्ञों ने वर्षा जल को व्यर्थ बहने से रोकने, वैज्ञानिक तरीके से भूगर्भ जल स्तर बढ़ाने की नई तकनीक साझा की। निगम अधिकारियों ने बताया कि आगरा में 10 जगहों का चयन भूगर्भ जल के रिचार्ज पॉइंट बनाने के लिए किया गया है। इसे भारत सरकार की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है।
ये भी पढ़ें – UP: पेठा, दालमोठ और गजक का शुरू करें कारोबार, सरकार देगी 50 लाख रुपये; 18 वर्ष के युवाओं को भी मौका
चयनित स्थलों पर वैज्ञानिक पद्धति से रिचार्ज पॉइंट विकसित किए जाएंगे, जिससे बारिश का पानी नदी की जगह भूगर्भ में पहुंचेगा और आने वाला कल सुरक्षित होगा। इस दौरान पर्यावरण अभियंता पंकज भूषण, सहायक नगर आयुक्त श्रद्धा पांडे, मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी ब्रजेश सिंह, स्वच्छ भारत मिशन सह प्रभारी सुदेश यादव और एनजीओ की ओर से राकेश शुक्ला, नितिन जौहरी आदि मौजूद रहे।
इन स्थानों पर बनाए जाएंगे रिचार्ज पॉइंट
गोपेश्वर नाथ मंदिर
हलवाई की बगीची
राम साहनी की बगीची
बीघा मंदिर
अबुल उलाह दरगाह
कोठी मीना बाजार
चिंताहरण तालाब
नगर निगम कैंपस
एडीए कार्यालय
तिरंगा चौक








