जीएसवीएम अब अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी, लखनऊ का मेडिकल कॉलेज बनेगा। इससे चिकित्सा सुविधाएं बढ़ने के साथ ही शोध को भी बढ़ावा मिलेगा। एक विभाग के शोध के लिए पांच लाख मिलेंगे और यदि वही शोध तीन विभागों के डॉक्टर मिलकर करेंगे, तो 15 लाख मिलेंगे। पहली बार एमबीबीएस के छात्रों को भी रिसर्च के लिए 35 हजार रुपये दिए जाएंगे। एमबीबीएस छात्रों के लिए 20 करोड़ से स्किल लैब बनेगी, जिसमें लेप्रोस्कोपिक कंप्यूटर सिमुलेटर, रोबोटिक सर्जरी भी सिखाई जाएगी।
यहां प्रदेश के अन्य राजकीय एलोपैथिक मेडिकल कॉलेजों के डॉक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिसका लाभ वहां के मरीजों को भी मिलेगा। 12 जून को अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी के कुलपति मेजर जनरल डॉ. अमित देवगन ने गणेश शंकर विद्यार्थी मेमोरियल (जीएसवीएम) मेडिकल कॉलेज और इससे संबद्ध मल्टी सुपर स्पेशियलिटी एंड पीजीआई का निरीक्षण किया था।








