1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

बिजनेसमैन मस्क को टेस्ला से अब हर साल एक ट्रिलियन डॉलर का सैलरी पैकेज मिलेगा। उनके नजरिये की खास बातें…
जब मैं भविष्य के बारे में सोचता हूं, तो मन में हमेशा एक ही विचार आता है… हम एक ऐसी सभ्यता हैं जो अपने ही हाथों से कल को गढ़ सकती है। मुझे नहीं लगता कि इंसान केवल जीवित रहने के लिए बना है। मैं मानता हूं कि हम खोजने, रचने और सीमाओं को तोड़ने के लिए बने हैं। यही सोच मुझे हर सुबह उठने के लिए प्रेरित करती है। हम भविष्य को और बेहतर बना सकते हैं, अगर हम उसे डर के बजाय जिज्ञासा से देखें। ‘न्यूरालिंक’ इसी जिज्ञासा से पैदा हुआ। लोगों ने कहा कि यह असंभव है… मानव मस्तिष्क को कंप्यूटर से जोड़ना एक पागलपन है। लेकिन मैंने हमेशा सोचा, अगर हमारा मस्तिष्क जटिल विद्युत संकेतों से चलता है, तो तकनीक के जरिए हम उसकी बीमारियों को समझ और ठीक क्यों नहीं कर सकते? मुझे यकीन है आने वाले वर्षों में, हम लकवा, अंधापन और याददाश्त की कमी जैसी बीमारियों को मिटाने में सफल होंगे। स्पेसएक्स की शुरुआत इसी ‘असंभव को संभव’ करने की भावना से हुई थी। जब मैंने कहा कि मैं एक निजी कंपनी से रॉकेट बनाकर अंतरिक्ष में भेजूंगा, तो लोगों ने मुझे पागल कहा। लेकिन मैं जानता था कि अगर हमें मंगल ग्रह तक पहुंचना है, तो किसी को पहला कदम उठाना ही होगा। हमने कई बार असफलता झेली, लेकिन हर बार यही कहा कि अगर पाने लायक कुछ खास है तो आपको कोशिश करना चाहिए, चाहे असफलता की कितनी ही संभावना क्यों न हो। मैंने सफलता कभी पैसों से नहीं मापी। असली सफलता यह है कि आप कितने लोगों को प्रेरित कर पाए कि वे बड़ा सोचें। अगर कोई बच्चा आज अपने कमरे की दीवार पर रॉकेट या मंगल की तस्वीर बनाता है और यह सोचता है कि वह एक दिन वहां जाएगा, तो वही मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि है। कभी-कभी मुझसे पूछा जाता है कि मैं इतना बड़ा जोखिम क्यों उठाता हूं। मेरा जवाब सरल होता है… सबसे बड़ा जोखिम तो कुछ नया न करना है। अगर आप गलतियां करने से डरते हैं, तो कुछ महान नहीं कर सकते। मैंने असफलताएं देखी हैं, लेकिन हर असफलता एक सबक लेकर आई। असफलता दर्द देती है, लेकिन वही दर्द आपको मजबूत बनाता है। अगर सब कुछ आसान होता, तो कोई बदलाव नहीं होता। जोखिम उठाएं, सवाल पूछें और कभी मत मानें कि आप किसी बड़े काम के लिए छोटे हैं। हर बदलाव की शुरुआत ऐसे व्यक्ति से हुई, जिसने कहा कि मैं कोशिश करूंगा। अगर आप यह कहने की हिम्मत रखते हैं, तो भविष्य आपका है।
काम करना ही प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है जीवन में कई बार ऐसा होता है जब सब कुछ आपके खिलाफ लगने लगता है। पैसा नहीं, लोग आपके साथ नहीं और हालात मुश्किल हैं… लेकिन सच्ची प्रेरणा वहीं से शुरू होती है। जब कोई रास्ता न दिखे, तो अपना रास्ता खुद बनाना ही नेतृत्व कहलाता है। मैं हमेशा कहता हूं कि कभी भी प्रेरणा का इंतजार मत कीजिए, काम करना ही प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत है। (तमाम इंटरव्यू में)








