एन रघुरामन का कॉलम:  इस बारिश कर्मचारी रेन डांस से बचें
टिपण्णी

एन रघुरामन का कॉलम: इस बारिश कर्मचारी रेन डांस से बचें

Spread the love


1 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक
एन. रघुरामन, मैनेजमेंट गुरु - Dainik Bhaskar

एन. रघुरामन, मैनेजमेंट गुरु

इस रविवार नासिक जाते वक्त जब मैं समुद्र तल से 3000 फीट ऊंचाई पर स्थित इगतपुरी से गुजर रहा था तो बादल कार की खिड़की से भीतर आ रहे थे और मुझसे कह रहे थे कि कार से बाहर आओ, एक डांस हो जाए।

मैं देख रहा था कि उस छोटे-से हिल स्टेशन पर उससे भी अधिक ज्यादा कारें थीं, जितनी मुम्बई से आते वक्त पूरे 110 किमी के रास्ते में देखी थीं। सभी बादलों का आनंद ले रहे थे। इसी सप्ताह डिप्टी कमिश्नर ने भी कहा कि वहां रोज 15 हजार कारें पहुंची, जबकि शिमला में महज 5000 कारों की पार्किंग है।

ये बताता है कि कामकाजी वर्ग नियमित तौर पर ब्रेक लेना चाहता है, खासकर बारिश में, ताकि रिमझिम के बीच डांस कर सके। पर मौसम विभाग की चेतावनी ने मुझे कुछ भी ऐसा करने से रोका, क्योंकि उसने अगले सप्ताह में कई राज्यों में भारी से अतिभारी बारिश की चेतावनी दी है। 23 जून को मप्र के कुछ इलाकों में 24 घंटों में 200 मिमी. से अधिक बारिश का अनुमान है। इसी के साथ कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात में भी 27 जून तक भारी से अतिभारी बारिश संभावित है। चूंकि मुझे उसी शाम मुम्बई वापस आना था, इसलिए मैं बादलों को फ्लाइंग किस देते हुए गुजर गया। कई नए व पुराने सहकर्मी वीकेंड रेन डांस की फोटो पोस्ट कर रहे थे, जिन्हें देखकर मुझे ईर्ष्या होने लगी।

चूंकि, कामकाजी वर्ग वीकेंड पर वहां से दूर था, इसलिए ये नहीं देख पाया कि उनके ऑफिस में कॉर्नर ऑफिस की लाइटें जली थीं। वहां टॉप लीडर्स मिले और इस पर सहमत हुए कि कम कर्मचारी का मतलब है अधिक तेजी से उन्नति। एचआर रिकॉर्ड्स बताते हैं कि बीते कुछ ही समय में अकेले अमेरिका में प्रत्येक पांच में से एक कंपनी अपने कर्मचारियों की संख्या में 3.5% की कमी की है। इसी मंगलवार अमेजन के चीफ एक्जिक्यूटिव एंडी जैसी ने कर्मचारियों को दिए नोट में लिखा ‘वंस इन ए लाइफटाइम’ एआई का उदय अगले कुछ वर्षों में कुछ नौकरियों की जरूरत खत्म कर देगा।

इसी माह प्रोक्टर एंड गेंबल ने कहा, ‘व्यापक भूमिकाएं व छोटी टीमें’ बनाने के लिए वो 7000 नौकरियों या गैर विनिर्माण कार्यबल में 15% की कटौती करेगा। हेवलेट पैकर्ड एंटरप्राइजेज (एचपीई) की फाइनेंस चीफ मैरी मायर्स ने इस महीने कर्मियों की कटौती पर निवेशकों से चर्चा में कहा, ‘जो जितना समतल होगा, वो उतना तेज होगा’। उन्होंने बताया कि एक दशक पहले से लेकर अब तक 59 हजार से भी कम कर्मचारियों के साथ ये एचपीई का सबसे छोटा आकार है।

टेक निवेशक और अडोबी के पूर्व एग्जीक्यूटिव जेसन लेमकिन ने हाल ही एक वेंचर केपिटल पॉडकास्ट में कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र समेत 500 कर्मचारियों या इससे अधिक की जिन भी कंपनियों से मैंने ऑफ द रिकॉर्ड बात की, उन्होंने कहा कि ‘मुझे अपनी टीम में 30 से 40% लोगों की जरूरत नहीं है’। हम आसानी से ये महसूस कर सकते हैं कि ब्रिकी और लाभ में बढ़ोतरी के बावजूद कार्यबल में कटौती हो रही है।

ये साफ दिखाता है कि कॉरपोरेट जगत कर्मचारियों के मूल्यांकन के तरीके में मौलिक रूप से बदलाव कर रहा है। दूसरी ओर, बारिश आते ही हममें से अधिकतर ने ब्रेक ले लिया, क्योंकि इन दिनों हमारे पास कामकाज ज्यादा था, जिम्मेदारियां ज्यादा थीं और जॉब सिक्योटिरी व भविष्य की संभावनाओं पर डर सता रहा था। नौकरियों में आ रही इस कमी के चलते कर्मचारी तेजी से उस लाभ को खो रहे हैं, जिनका महामारी के दौरान आनंद लिया था, जब नौकरियां पर्याप्त संख्या में थीं और कंपनियां व्हाइट कॉलर प्रतिभाओं के लिए बोली लगा रही थीं।

लेकिन जब एआई का दौर बढ़ रहा है और संस्थापकों व मालिकों की नई मानसिकता सामने आ रही है, जैसा हमने ऊपर पढ़ा, तो हमें हर कंपनी में घटती जा रही मैनपॉवर के बारे में जोर-जोर से बज रही चेतावनी की घंटी को अपने बहरे कानों से सुनना चाहिए। अपनी नौकरी पर तलवार चलने से बचने के लिए हर संभव प्रयास करना चाहिए।

फंडा यह है कि इस बारिश में हर किसी को कंपनी के लीकेज देखने चाहिए, कौशल सुधारना चाहिए ताकि उन लीकेज को भरा जा सके। कंपनी की बिक्री और लाभ बढ़ाने पर ध्यान देना चाहिए। मेरा मत है कि यदि हमारे हाथ में नौकरी रही तो डांस तो अगली बारिश में भी किया जा सकता है।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *