कानपुर में घाटमपुर के रठिगांव में साइबर क्राइम की पाठशाला लगभग एक दशक से चल रही थी। साइबर ठगी के 20 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद रठिगांव और उसके इर्द-गिर्द के गांवों के ग्रामीणों की गतिविधियां फिलहाल पुलिस की निगरानी में हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों को लेकर ग्रामीणों का कहना है कि सभी अपने-अपने घर में कहकर निकलते थे कि भैंस चराने या किसानी के काम से जा रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार उन्हें नहीं पता था कि ये लोग उनके बीच में रहकर लोगों के खून-पसीने की कमाई धोखे से हड़पने का काम करते थे। रठिगांव और उसके आसपास के इलाके में पुलिस के छापे, गिरफ्तारी और सर्च ऑपरेशन से ज्यादातर ग्रामीण सहज नहीं हैं। गिरफ्तार 20 आरोपियों के संबंध में संवाद न्यूज एजेंसी के प्रतिनिधि ने शनिवार को ग्रामीणों से बातचीत की।








