![]()
एक मैनेजर के तौर पर क्या आप वास्तव में अपनी टीम को वह मार्गदर्शन, कोचिंग और सहयोग दे रहे हैं, जिसकी उसे आवश्यकता है? उत्कृष्ट लीडर्स समझते हैं कि लोग समय के साथ कैसे विकसित होते हैं। वे उसके अनुसार अपने व्यवहार, निर्णय और शैली में बदलाव करते हैं। इसके लिए ये प्रमुख कदम अपनाए जा सकते हैं : 1) अपनी प्रबंधन शैली पर टीम का फीडबैक लें, इसे स्पष्ट रूप से लिखें
प्रत्येक कर्मचारी के लिए एक विस्तृत स्प्रेडशीट या दस्तावेज बनाएं। इसमें उसके संभावित कौशल और क्षमताओं के बारे में आपका आकलन शामिल हो। आपकी प्रबंधन शैली पर उसका फीडबैक, उसके काम करने के पसंदीदा तरीके, उसे प्रेरित करने वाले मुख्य तत्व दर्ज करें। आप उनकी उन्नति के लिए कौन-से अवसर देखते हैं, स्पष्ट रूप से लिखें। 2) इस विवरण को साप्ताहिक रूप से एक नोटबुक में अपडेट करते रहें
हर सप्ताह कम से कम 15 मिनट निकालकर नई जानकारियां नोट करें। जिन खास बातचीत, बैठक या प्रोजेक्ट्स में आपने साथ काम किया, उनका उल्लेख करें। आपने जो मार्गदर्शन दिया, उसे भी दर्ज करें। एक छोटी नोटबुक रखें और रियल टाइम में अपने विचार या अवलोकन लिखते रहें, ताकि कोई महत्वपूर्ण बात छूट न जाए। 3) हर तीन महीने में गहन समीक्षा करें
प्रत्येक कर्मचारी के विकास का त्रैमासिक विश्लेषण करें। देखें कि कौन-से पैटर्न उभर रहे हैं और क्या वह निरंतर प्रगति कर रहा है। यह भी मूल्यांकन करें कि आपने जो सलाह, प्रशिक्षण या सराहना दी, वह सही दिशा में थी या नहीं। यदि आवश्यक हो तो अपनी रणनीति में बदलाव करें, ताकि कर्मचारी का विकास और बेहतर हो सके। 4) टीम के हर सदस्य के साथ अलग से बैठकर व्यक्तिगत बातचीत करें
जब आपको उनके प्रदर्शन और प्रगति के बारे में स्पष्ट समझ मिल जाए, तो प्रत्येक सदस्य के साथ अलग से बैठकर इस बारे में चर्चा करें। इस बातचीत को औपचारिकता तक सीमित न रखें, बल्कि इसे आपसी सहयोग और विश्वास का आधार बनाएं। उनके लक्ष्य, चुनौतियां और आकांक्षाएं भी सुनें और साथ मिलकर आगे की कार्ययोजना तय करें। 5) मूल्यांकन के लिए टीम का प्रोग्रेस रिकॉर्ड पहले से व्यवस्थित रखें
कई प्रबंधकों को साल भर के प्रदर्शन और विकास संबंधी बारीकियों को याद रखना कठिन लग सकता है। यदि आपके पास सभी अवलोकन, टिप्पणियां और प्रगति का रिकॉर्ड पहले से व्यवस्थित होगा तो आप अधिक सटीक, गहन और सार्थक मूल्यांकन लिख पाएंगे। इससे आपका समय भी बचेगा और फीडबैक भी अधिक प्रभावशाली होगा।
Source link








