![]()
आदर्श स्थिति में आपके बॉस आपको और आपके करियर लक्ष्यों को समर्थन देते हैं, नए अवसर खोलते हैं और कंपनी में आपकी सफलता का रास्ता आसान बनाते हैं। लेकिन वास्तविक दुनिया हमेशा आदर्श नहीं होती, और कभी-कभी वे मैनेजर भी अचानक अपना व्यवहार बदल लेते हैं जो पहले काफी सहयोगी लगते थे। अगर आपको एेसा लगता है कि आपके बॉस आपको नजरअंदाज कर रहे हैं, तो इस रिश्ते को बेहतर बनाने और अपने करियर को आगे बढ़ाने के लिए आप ये चार तरीके अपना सकते हैं … 1) अपनी धारणाओं पर दोबारा विचार करें
सबसे पहले यह समझने की कोशिश करें कि वास्तव में स्थिति क्या है। कई बार हमें लगता है कि बॉस हमें अनदेखा कर रहे हैं, जबकि वे किसी बड़े प्रोजेक्ट, समय की कमी या किसी दबाव के कारण व्यस्त होते हैं। अपनी धारणा को तुरंत सच मानने के बजाय थोड़ा समय लेकर स्थिति का विश्लेषण करें। यह देखें कि क्या आपके सहकर्मी भी वही अनुभव कर रहे हैं या नहीं। यदि अन्य लोग भी समान परिस्थिति में हैं, तो संभव है कि समस्या व्यक्तिगत न होकर परिस्थितियों से जुड़ी हो। 2) दिखाएं कि आप उनका सम्मान करते हैं
अपने बॉस को यह दिखाएं कि आप उनका सम्मान करते हैं और चीजों को सही करना चाहते हैं। यह भी सोचें कि कहीं आपसे कोई ऐसी गलती तो नहीं हुई जिससे आप अपनी सीमा से आगे बढ़ गए हों। यह दिखाएं कि आप उनके निर्देशों का पालन करने के लिए तैयार हैं। आप सीधे उनसे पूछ सकते हैं कि क्या मैंने ऐसा कुछ किया है जो हमारी टीम या कंपनी की छवि के अनुरूप नहीं था? संभव है कि इस तरह की बातचीत की शुरुआत आपको ही करनी पड़े क्योंकि नकारात्मक प्रतिक्रिया देना आसान नहीं होता। 3) अपने काम की गुणवत्ता पर ध्यान दें
यह भी संभव है कि सभी प्रयासों के बावजूद स्थिति तुरंत न सुधरे। ऐसे में अपनी ऊर्जा केवल इस चिंता में न लगाएं कि बॉस आपको कितना महत्व दे रहे हैं। अपने काम की गुणवत्ता और योगदान पर ध्यान दें। अपने लक्ष्य स्पष्ट रखें और अपने काम को समय पर और बेहतर तरीके से पूरा करें। यदि आप लगातार अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो आपकी पहचान और विश्वसनीयता अपने-आप बनती है। इसके साथ ही टीम के अन्य सदस्यों के साथ सहयोग बढ़ाएं, नए विचार साझा करें। 4) ऐसे मेंटर की खोज करें, जो मार्गदर्शन दें
कई बार करियर में आगे बढ़ने के लिए केवल बॉस पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं होता। इसलिए अपना एक मजबूत नेटवर्क बनाना भी बेहद जरूरी है। बैठकों में सक्रिय रूप से अपने विचार रखें, लेकिन ऐसा करते समय मौजूदा प्रक्रिया की आलोचना करने के बजाय सुधार के सुझाव दें। इससे आपकी छवि एक समाधान-केंद्रित और सकारात्मक कर्मचारी की बनेगी। ऐसे मेंटर खोजने की कोशिश करें, जो मार्गदर्शन दे सकें।
Source link








