![]()
कई लीडर्स की सफलता और इस कारण उनकी कंपनियों की सफलता के रास्ते में सबसे बड़ी बाधाओं में से एक उनका अहंकार (इगो) होता है। अच्छी बात यह है कि माइंडफुलनेस (ध्यान) इसमें बहुत हद तक मदद कर सकती है। माइंडफुल मेडिटेशन अहंकार का प्रतिकार है। यह वह अनुभव पैदा करता है जिसे हार्वर्ड के न्यूरोसाइंस शोधकर्ता सेल्फ ट्रांसेंडेंट (आत्मोन्नति) अनुभव कहते हैं। इससे लीडर चीजों को अधिक गहराई से देख पाते हैं, गहरी सहानुभूति व जुड़ाव के साथ नेतृत्व करते हैं। सेल्फ ट्रांसेंडेंस को इस तरह अनुभव करें-
1) एक जगह बैठें, मन को शांत करने पर ध्यान दें
एक शांत जगह चुनें, कुर्सी पर आराम से बैठें और 5 से 25 मिनट के लिए अपना टाइमर भी सेट कर लें। फिर बस अपनी सांस के अंदर-बाहर जाने की प्रक्रिया को देखें। यानी ब्रीदिंग पर ध्यान दें। धीरे-धीरे अपने मन को बेकार के विचारों से अलग होने दें। इस प्रक्रिया में कुछ समय लग सकता है। धैर्य रखें। लगातार शांत बैठने की कोशिश करते रहें। धीरे-धीरे आपको इस तरह बैठने की आदत हो जाएगी। 2) ‘मैं’ से बाहर निकलें, नियमित अभ्यास करें
जैसे कभी-कभार जिम जाना अच्छा लग सकता है, लेकिन मांसपेशियां नहीं बनाता; वैसे ही अनियमित ध्यान अभ्यास से सेल्फ-ट्रांसेंडेंस का अनुभव लगातार नहीं हो पाएगा। अपने सीमित ‘मैं’ से थोड़ा बाहर निकलने का अभ्यास करें। यह कोई एक बड़ा अनुभव नहीं, छोटे-छोटे, निरंतर किए गए कर्मों का परिणाम है। दिन में एक काम ऐसा करें जिसमें लाभ या प्रशंसा की अपेक्षा न हो। 3) मौन के लिए थोड़ा लंबा समय निकालें
ईमेल, खबरों और सोशल मीडिया जैसी लगातार उत्तेजनाओं की दुनिया में मौन के लिए समय बनाना जरूरी हो जाता है। आप किसी अनुभवी ध्यान शिक्षक के साथ रिट्रीट पर जा सकते हैं या दिन का कुछ समय ऐसा तय करें जब आप नई जानकारी नहीं ले रहे हों। मौन में विचार ढीले पड़ते हैं, अहं शांत होता है और चेतना स्वयं से आगे विस्तार महसूस करती है। यही शांति जगाता है। 4) समस्याओं में सेल्फ- ट्रांसेंडेंस को लागू करें
इन अभ्यासों से मिली समझ का उपयोग अपने रोज के कामों में अहंकार की पकड़ ढीली करने के लिए करें। उदाहरण के लिए, किसी मीटिंग में जाने से पहले कुछ सचेत सांसें लेकर मन को शांत करें। रोज की छोटी समस्याओं में सेल्फ-ट्रांसेंडेंस का अर्थ है तुरंत प्रतिक्रिया देने के बजाय थोड़ा ठहरना और स्थिति को व्यापक दृष्टि से देखना। समस्या को अपना अनुभव मानें। इस तरह तनाव कम होगा।
Source link








