टिपण्णी

दिल्ली के बाजारों-कॉलोनियों में रात को भी होगी सफाई: त्योहारों से पहले कूड़े के ढेर हटाने के निर्देश, जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त सफाई कर्मचारी होंगे तैनात – New Delhi News

Spread the love




दीपावली और अन्य त्योहारों के मद्देनजर दिल्ली के रिहायशी इलाकों और प्रमुख बाजारों में अब रात को भी सफाई कराई जाएगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को दिल्ली सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक कर सफाई व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सफाई में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कूड़े के ढेर तत्काल हटाए जाएं और नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी के कई इलाकों से समय पर कूड़ा नहीं उठने और जगह-जगह गंदगी की शिकायतें मिल रही हैं। कुछ जोन में सफाई व्यवस्था में लापरवाही सामने आई है। सफाई के प्रयासों के बावजूद अपेक्षित सुधार जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई हो और इसका असर सड़कों व बाजारों में नजर आना चाहिए। मुख्यमंत्री ने मेयर प्रवेश वाही और निगम आयुक्त संजीव खिरवार को पूरी दिल्ली में सफाई अभियान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन इलाकों में कर्मचारियों की कमी है, वहां अतिरिक्त स्टाफ लगाया जाए। जरूरत पड़ने पर रात्रिकालीन सफाई के लिए नए कर्मचारी भी रखे जाएं। मुख्यमंत्री के मुताबिक, बाजारों और रिहायशी कॉलोनियों में रात को सफाई होने से दिन में लोगों की आवाजाही प्रभावित नहीं होगी और स्वच्छता बनाए रखने में मदद मिलेगी। बैठक में शहरी विकास मंत्री आशीष सूद, मेयर प्रवेश वाही, मुख्य सचिव राजीव वर्मा, निगम आयुक्त संजीव खिरवार सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *