बिहार के कटिहार में बड़ा रेल हादसा हुआ है। कटिहार-बरौनी रेलखंड पर अवध असम एक्सप्रेस ट्रेन और रेलवे ट्रॉली के बीच टक्कर हो गई। इस टक्कर के कारण एक ट्रालीमैन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन रेलकर्मी गंभीर रूप से घायल हैं। इस हादसे की पुष्टि करते हुए कटिहार के एडीआरएम मनोज कुमार सिंह ने बताया कि यह इलाका कटिहार रेल डिवीजन से सटा हुआ है, इसलिए तुरंत मेडिकल टीम को रवाना कर दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी घायलों को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
हादसे के तुरंत बाद रेल यात्री ट्रैक पर आ गए और ट्रेन भी रुक गई। बाद में फिर से ट्रेन को रवाना किया गया। हादसे के बाद ही रूट पर कुछ समय के लिए ट्रेन परिचालन बाधित था। हालांकि बाद में स्थिति को बहाल कर दिया गया।









