टिपण्णी

भास्कर अपडेट्स: मुंबई के आयकर भवन के बेसमेंट में आग लगी, ऊपरी मंजिलों से लोगों को निकाला जा रहा

Spread the love


  • Hindi News
  • National
  • Breaking News Headlines Today, Pictures, Videos And More From Dainik Bhaskar

1 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

मुंबई के चर्चगेट स्थित आयकर भवन की सात मंजिला इमारत के बेसमेंट में सोमवार दोपहर आग लग गई। आग की सूचना दोपहर करीब 2:01 बजे मिली। हादसे में अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

आग लगने के बाद ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को बाहर निकालने का काम जारी है। मौके पर चार दमकल गाड़ियां और अन्य फायर टेंडर भेजे गए हैं। दमकल, पुलिस, BEST, एंबुलेंस और नगर निगम की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हैं।

आज की बाकी बड़ी खबरें…

तमिलनाडु में किसानों का 75,000 रुपए तक का लोन माफ, CM विजय का ऐलान

तमिलनाडु के CM विजय ने सोमवार को किसानों का 75,000 रुपए तक का कोऑपरेटिव लोन पूरी तरह माफ करने का ऐलान किया।

उन्होंने 75,000 रुपए से लेकर एक लाख रुपए तक के लोन पर भी 75,000 रुपए तक की छूट देने की घोषणा की।

उन्होंने कहा कि राज्य के सामने आर्थिक तंगी के बावजूद, उनकी सरकार ने किसानों को 953.06 करोड़ रुपए की अतिरिक्त मदद देने का फैसला किया है।

सिक्किम की वोटर लिस्ट पर दखल से सुप्रीम कोर्ट का इनकार, 2002 ही रहेगा बेस ईयर

सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को सिक्किम में वोटर लिस्ट के SIR के लिए 2002 को बेस ईयर रखने के चुनाव आयोग के फैसले में दखल देने से इनकार कर दिया। CJI सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने 1993 को बेस ईयर बनाने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी।

याचिकाकर्ता संगठन ने कहा था कि 2002 में जो मतदाता सूची तैयार हुई, उसका डेटा सिक्किम के जनसांख्यिकीय आंकड़ों से मेल नहीं खाता और इससे वोटर लिस्ट में गड़बड़ियां बढ़ सकती हैं।

हालांकि, कोर्ट ने कहा कि SIR के बीच में बेस ईयर नहीं बदला जा सकता। आयोग ने पूरे देश में 2002 को बेस ईयर रखा है, क्योंकि उसी समय आखिरी SIR हुआ था। कोर्ट ने कहा कि 2002 की वोटर लिस्ट में दर्ज मतदाताओं ने बाद के चुनावों में मतदान भी किया है।

हालांकि, कोर्ट ने याचिकाकर्ता को सिक्किम के लिए उचित छूट की मांग को लेकर चुनाव आयोग से संपर्क करने की अनुमति दी। कोर्ट ने कहा कि किसी एक संगठन की याचिका पर ECI के फैसले में दखल देना उचित नहीं होगा।

कोलकाता में ISI एजेंट का साथी गिरफ्तार, बंगाल STF का एक्शन

पश्चिम बंगाल पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने सोमवार को पाकिस्तानी इंटेलिजेंस ऑपरेटिव राणा रऊफ के साथी को गिरफ्तार किया। रऊफ को पहले कोलकाता से चल रहे जासूसी नेटवर्क के सिलसिले में पकड़ा गया था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान इमरान के तौर पर हुई है और उसे शहर के टॉपसिया इलाके के एक फ्लैट से गिरफ्तार किया गया।

STF अधिकारी के मुताबिक, इमरान ने फर्जी कागजातों का इस्तेमाल करके भारतीय पासपोर्ट हासिल करने की रऊफ की कोशिशों में उसकी मदद की थी।

पालघर की फैक्ट्री में ब्लास्ट: प्रोडक्शन के दौरान धमाका, कुछ मजदूरों के घायल होने की आशंका

महाराष्ट्र के पालघर में बोइसर-तारापुर MIDC स्थित विराज प्रोफाइल कंपनी में धमाका हुआ है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, ब्लास्ट प्रोडक्शन प्रक्रिया के दौरान हुआ। हादसे में कुछ मजदूरों के घायल होने की आशंका है।

घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभागों की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। हादसे की वजह और नुकसान का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

एअर इंडिया के दो और पायलट ड्रग टेस्ट में पास नहीं हुए, फुकेट-दिल्ली फ्लाइट घटना के बाद रोजाना जांच हो रही

एअर इंडिया के दो पायलटों के ड्रग टेस्ट नॉन-नेगेटिव आए हैं। न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, इनके कन्फर्मेटरी टेस्ट के नतीजे अभी बाकी हैं। फाइनल रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

सूत्रों के मुताबिक, अभी किसी पायलट को ड्रग टेस्ट में फेल नहीं माना गया है। शुरुआती नॉन-नेगेटिव रिजल्ट के कई कारण हो सकते हैं, जिनमें कुछ दवाओं का सेवन भी शामिल है।

एअर इंडिया ग्रुप ने फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट में हुई घटना के बाद 13 अगस्त से सभी पायलटों के लिए ड्रग स्क्रीनिंग टेस्ट अनिवार्य कर दिया है। अब तक करीब 300-400 पायलटों की जांच हो चुकी है।

4 अगस्त को फुकेट-दिल्ली फ्लाइट उड़ान के दौरान अचानक 300 फीट नीचे आ गई थी। इससे कई यात्रियों और क्रू सदस्यों को चोटें आई थीं। प्लेन में 137 पैसेंजर और 8 क्रू मेंबर सवार थे। दिल्ली में लैंडिंग के बाद पायलट ड्रग स्क्रीनिंग टेस्ट में पॉजिटिव पाया गया था।

शहजाद पूनावाला ने BJP को फिर इस्तीफा भेजा, पहली बार पार्टी ने स्वीकार नहीं किया था

भाजपा नेता शहजाद पूनावाला ने पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद और सक्रिय प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला लिया है। उन्होंने BJP अध्यक्ष नितिन नबीन को पत्र भेजकर इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है। यह उनका दूसरा इस्तीफा पत्र है।

इससे पहले 30 जुलाई को भी उन्होंने आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों का हवाला देते हुए पार्टी के सभी पदों और प्राथमिक सदस्यता से अलग होने की पेशकश की थी, लेकिन पार्टी ने इसे स्वीकार नहीं किया और उन्हें फैसले पर दोबारा विचार करने को कहा था।

पूनावाला ने अब कहा कि काफी सोच-विचार के बाद उन्होंने अंतिम फैसला लिया है। उन्होंने पीएम मोदी, नितिन नवीन, गृह मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, बीएल संतोष, जेपी नड्डा और नितिन गडकरी समेत अन्य नेताओं का आभार जताया।

पूनावाला ने लेटर में कहा कि आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण वह निजी क्षेत्र में जाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि जहां संभव होगा, वह प्रधानमंत्री मोदी और BJP की सोच के लिए काम करते रहेंगे। उन्होंने X पर लिखा- मैं पार्टी की व्यवस्था छोड़ रहा हूं, विचार और व्यक्ति नहीं।

मुंबई के कांदिवली में कॉमर्शियल बिल्डिंग में आग, 11 लोग रेस्क्यू, कोई हताहत नहीं

मुंबई के कांदिवली इलाके में सोमवार तड़के एक चार मंजिला कमर्शियल बिल्डिंग में आग लग गई। हादसे की सूचना सुबह करीब 4:14 बजे कांदिवली स्टेशन रोड स्थित अभिराई होटल में मिली। आग की वजह से पूरी बिल्डिंग धुएं से भर गई थी।

फायर ब्रिगेड ने सीढ़ियों के जरिए दूसरी मंजिल पर बने लॉजिंग हाउस से 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे में किसी की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है। आग इलेक्ट्रिकल वायरिंग और इंस्टॉलेशन, लकड़ी के फर्नीचर, तिरपाल, बांस और सजावटी शीट्स तक सीमित रही।

आग बुझाने के लिए चार फायर इंजन और अन्य दमकल वाहन मौके पर भेजे गए। फायर ब्रिगेड ने करीब 6:07 बजे आग पर काबू पा लिया। आग लगने की वजह की जांच की जा रही है।

टीएमसी के ₹160 करोड़ फंड से केयरवेल एविएशन ने खरीदा जेट और हेलीकॉप्टर, ईडी की जांच में खुलासा

ED की जांच के मुताबिक, ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने पार्टी फंड से करीब ₹160 करोड़ केयरवेल एविएशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड कंपनी को दिए। आरोप है कि इस रकम से कंपनी ने एक एम्ब्रेयर जेट और अगस्ता VIP हेलिकॉप्टर खरीदा था। बाद में इन्हें TMC को करीब ₹187 करोड़ में किराए पर दिया गया।

जांच के मुताबिक, TMC ने कंपनी को ₹88.5 करोड़ की ब्याज-मुक्त सिक्योरिटी डिपॉजिट दी थी। उस समय कंपनी के पास जेट और हेलिकॉप्टर खरीदने के लिए पर्याप्त रकम नहीं थी। ED का आरोप है कि डिपॉजिट मिलते ही केयरवेल एविएशन ने यह रकम गुजरात के गिफ्ट सिटी में रजिस्टर्ड अपनी ऑफशोर कंपनी केयरवेल फ्लाईजेट IFSC प्राइवेट लिमिटेड को ट्रांसफर कर दी। इसी रकम से जेट और हेलिकॉप्टर खरीदने की बात सामने आई है।

इसके अलावा, केमैन आइलैंड से जुड़े ₹16 करोड़ से ज्यादा के एक और फंड ट्रांसफर की भी जांच चल रही है। TMC को जेट के इस्तेमाल के लिए 72 महीने और हेलिकॉप्टर के लिए 56 महीने की अवधि में GST को छोड़कर ₹186.9 करोड़ का भुगतान करना था।

विशाखापट्टनम एयरपोर्ट पर उड़ानें बंद, नए एयरपोर्ट से शुरू हुईं सेवाएं

आंध्र प्रदेश के विशाखापट्टनम एयरपोर्ट से रविवार आधी रात के बाद उड़ान संचालन बंद कर दिया गया। सोमवार से सभी फ्लाइट सेवाएं अल्लूरी सीताराम राजू इंटरनेशनल एयरपोर्ट से शुरू हो गईं। एयरपोर्ट शिफ्ट होने के बाद पुराने एयरपोर्ट के कर्मचारियों में नौकरी और वेतन को लेकर चिंता है।

15 साल से एयरपोर्ट पर काम कर रहे हाउसकीपिंग कर्मचारी गंडिति रामू ने कहा कि उन्हें अपने भविष्य की चिंता है। कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें अभी तक नौकरी या वेतन को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है। एक अन्य कर्मचारी सुनीता ने कहा कि कई कर्मचारियों के परिवार हैं और नई नौकरी मिलना मुश्किल हो रहा है।

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *