टिपण्णी

भास्कर अपडेट्स: मुंबई में रेलवे प्लेटफॉर्म पर दो ड्रोन गिरे, यात्री घायल, पुलिस ने ड्रोन जब्त किए

Spread the love


  • Hindi News
  • National
  • Maharashtra Shiv Sena MLA Sanjay Gaikwad Controversy | Farmer Suicide Statement

नई दिल्ली3 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

मुंबई के चर्चगेट रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर दो ड्रोन गिरने से एक यात्री घायल हो गया। यात्री के सिर पर चोटें आईं। रेलवे पुलिस ने बताया कि घटना बुधवार रात करीब 9:10 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर हुई। घायल यात्री हेमंत प्रकाश महोत्सवकर (37) के माथे और सिर पर चोटें आईं और खून बहने लगा।

सुरक्षाकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें प्राथमिक चिकित्सा दी। इलाज के लिए उन्हें जीटी अस्पताल ले जाया गया। दोनों ड्रोन जब्त कर लिए गए हैं। अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार मरीन ड्राइव और वानखेड़े स्टेडियम इलाके में एक मोबाइल फोन कंपनी के प्रमोशनल शो के दौरान दो ड्रोन में खराबी आ गई थी जिससे वे भटककर प्लेटफॉर्म पर चले गए।

आज की अन्य बड़ी खबरें…

एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया वायुसेना उप प्रमुख के पद पर नियुक्त, 1 नवंबर से संभालेंगे कार्यभार

एयर मार्शल इंद्रपाल सिंह वालिया को 1 नवंबर 2026 से वायुसेना उप प्रमुख (VCAS) के पद पर नियुक्त किया गया है। फिलहाल वे ईस्टर्न एयर कमांड के एयर ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ हैं।

केरलम में शराब खरीदने या बार में बैठकर पीने के लिए आधार कार्ड दिखाना होगा

केरल में शराब खरीदने या बार में पीने के लिए अब आधार कार्ड या पहचान पत्र दिखाना होगा। इससे ग्राहकों की उम्र की जांच की जाएगी। आबकारी मंत्री एम. लिजू ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार नवंबर में नई आबकारी नीति जारी करेगी।

मंत्री ने कहा कि बार मालिकों को हर ग्राहक की उम्र जांचनी होगी। नियम तोड़ने पर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। केरल में शराब खरीदने और पीने की कानूनी उम्र 23 साल है। इसके बावजूद नाबालिगों को शराब परोसे जाने के मामले सामने आते रहे हैं।

मंत्री के मुताबिक, नेदुंबस्सेरी में हुए सड़क हादसे के बाद सरकार ने यह फैसला लिया है। इस हादसे में तीन युवाओं की मौत हो गई थी।

एअर इंडिया को महाराष्ट्र में फ्लाइंग अकादमी के लिए DGCA से मंजूरी मिली

एअर इंडिया को महाराष्ट्र के अमरावती में बनाई जा रही फ्लाइंग अकादमी के लिए एविएशन रेगुलेटर DGCA से मंजूरी मिल गई है। यह किसी भारतीय एयरलाइन द्वारा स्थापित पहला फ्लाइंग ट्रेनिंग संगठन है।

एयरलाइन ने शुक्रवार को एक विज्ञप्ति में बताया कि ‘एअर इंडिया फ्लाइंग अकादमी’ पायलट ट्रेनिंग के लिए 31 सिंगल-इंजन और 3 ट्विन-इंजन विमानों का संचालन करेगी।

यह अकादमी महाराष्ट्र के अमरावती स्थित बेलौरा एयरपोर्ट पर है। 10 एकड़ में फैली इस अकादमी में डिजिटल क्लासरूम, छात्रों के रहने की सुविधा, एक डिजिटल ऑपरेशंस सेंटर और एक समर्पित मेंटेनेंस फैसिलिटी (रखरखाव केंद्र) होगी।

अकादमी में सभी सुविधाएं तैयार हैं। एअर इंडिया की हरियाणा के गुरुग्राम में भी एक एविएशन ट्रेनिंग अकादमी है।

सिक्किम में वाहन पर चट्टानें गिरीं, दो लोगों की मौत, एक घायल

सिक्किम के मंगन जिले में शुक्रवार को चट्टानें गिरने से एक वाहन उनकी चपेट में आ गया, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और एक महिला घायल हो गई। जिला पुलिस के अनुसार, यह घटना सुबह करीब 11 बजे हुई। अपर जोंगू में ‘4th माइल’ (S-टर्निंग) के पास सड़क पर अचानक चट्टानें आ गिरीं, जिससे वहां से गुजर रहे वाहन इनकी चपेट में आ गए।

मृतकों की पहचान कल्जांग लेपचा और लाकपा लेपचा के रूप में हुई है। ये दोनों अपर जोंगू के तिंगवोंग के रहने वाले थे। इस घटना में लाकपा लेपचा की पत्नी, टर्मित लेपचा गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें इलाज के लिए सबसे पहले मंगन जिला अस्पताल ले जाया गया।

CJP प्रवक्ता सौरव दास की राष्ट्रीयता की जांच करने की मांग वाली याचिका, मद्रास हाईकोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस भेजा

मद्रास हाई कोर्ट ने CJP के प्रवक्ता सौरव दास की पृष्ठभूमि की जांच करने और उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक करने की मांग वाली याचिका पर नोटिस जारी किया। याचिका में सौरव दास का पासपोर्ट और आधार कार्ड रद्द करके उनके खिलाफ जरूरी कार्रवाई करने की मांग की गई है।

याचिका में कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के जजों के खिलाफ अपमानजनक बयान पोस्ट करने के लिए उनके सोशल मीडिया अकाउंट्स को ब्लॉक करने की भी मांग की गई है।

महाराष्ट्र के पुणे में हाईवे पर मिट्टी धंसी, काम कर रहे 5 मजदूर दबे, 2 को निकाला

महाराष्ट्र के पुणे में शुक्रवार को पुणे-सोलापुर हाईवे पर सर्विस रोड बनाने के दौरान मिट्‌टी धंस गई। हासे में में पांच मजदूर मिट्टी के नीचे दब गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मदद के लिए पहुंचे आसपास के लोगों ने तुरंत दो मजदूरों को बाहर निकाल लिया। बाकी तीन मजदूर अभी मिट्टी के नीचे दबे हुए हैं। उन्हें निकालने के लिए बचाव अभियान चल रहा है।

असम में पुलिस ने 36 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया

असम के धुबरी जिले में पुलिस ने जोगमाया फेरी घाट पर छापेमारी कर 36 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया है। धुबरी जिले के SSP देबाशीष बोरा ने बताया कि पुलिस ने 36 लोगों की पहचान की है। फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस को मिले सुरागों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

महाराष्ट्र के ठाणे के पास 2 नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार, ₹2.2 करोड़ की ड्रग्स जब्त

महाराष्ट्र के ठाणे में पुलिस ने दो नाइजीरियाई नागरिकों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से ₹2.2 करोड़ की ड्रग्स जब्त की गई हैं। इनमें 2 किलो से ज्यादा मेफेड्रोन और 316.5 ग्राम कोकीन शामिल है।

पुलिस ने बुधवार को नवी मुंबई की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने मुंब्रा पुलिस के साथ मिलकर दिवा-मुंब्रा इलाके में यह कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, नवी मुंबई में दर्ज ड्रग्स के एक मामले में अब तक 5 अफ्रीकी नागरिकों समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच जारी है।

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में निर्माणाधीन बिल्डिंग का स्लैब गिरा, एक मजदूर के फंसे होने की आशंका

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के चिकलठाना इलाके में निर्माणाधीन कमर्शियल बिल्डिंग का स्लैब गिर गया। मलबे में एक मजदूर के फंसे होने की आशंका है। उसे निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

दिल्ली एयरपोर्ट पर ₹47 लाख का सोना तस्करी करते दो यात्री गिरफ्तार, अंडरगारमेंट्स में छिपाकर लाए थे 332 ग्राम की दो चेन

दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग के अधिकारियों ने सोने की तस्करी के आरोप में दो यात्रियों को पकड़ा है। दोनों के पास से 332 ग्राम वजन की सोने की दो चेन बरामद की गई हैं। इनकी अनुमानित कीमत 47.38 लाख रुपए है। दोनों यात्री शारजाह से दिल्ली पहुंचे थे।

अधिकारियों के मुताबिक, 26 अक्टूबर को टर्मिनल-3 पर दोनों यात्रियों को ग्रीन चैनल पार करने के बाद रोका गया। कस्टम अधिकारियों ने संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर उनकी जांच की थी।

जांच में उनके अंडरगारमेंट्स से सोने की दो चेन बरामद हुईं। इन्हें काले टेप और कार्बन पेपर में लपेटकर छिपाया गया था। बरामद दोनों चेन 999 शुद्धता वाले सोने की हैं और इनका कुल वजन 332 ग्राम है।

मुंबई के बांद्रा इलाके के मॉल में लगी आग; 3 घंटे बाद बुझाई गई, कोई घायल नहीं

मुंबई के बांद्रा इलाके में शुक्रवार सुबह पांच मंजिला मॉल में आग लग गई। नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ। करीब तीन घंटे के बाद आग पर काबू पाया गया।

इसके बाद दमकल विभाग ने 8 फायर इंजन और आग बुझाने वाली अन्य गाड़ियां मौके पर भेजीं। अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की वजह और इससे हुए नुकसान का अभी पता नहीं चल पाया है। मामले की जांच की जा रही है।

महाराष्ट्र के शिवसेना विधायक बोले- किसान सुसाइड करे तो अंतिम संस्कार में न जाएं

महाराष्ट्र के शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने कहा है कि आत्महत्या करने वाले किसानों के अंतिम संस्कार में कोई शामिल न हो। उन्होंने दावा किया कि ऐसा होने पर दूसरे किसान आत्महत्या करने से पहले इसके परिणामों के बारे में सोचेंगे। उनके इस बयान पर विवाद हो रहा है। गायकवाड़ ने किसानों से कहा कि परेशानी होने पर सरकार, सांसद या विधायक को अपनी समस्या बताएं।

पश्चिम बंगाल में नए सरकारी शिक्षकों के चुनाव लड़ने पर लगी रोक

प. बंगाल सरकार ने भविष्य में नियुक्त होने वाले सरकारी सहायता प्राप्त स्कूलों के शिक्षकों के सीधे राजनीति में शामिल होने पर रोक लगा दी है। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

नए शिक्षक पंचायत, नगर निकाय, विधानसभा और लोकसभा चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। यह नियम पहले से नियुक्त शिक्षकों पर लागू नहीं होगा।

गृह मंत्रालय के पास ‘दिमागी नक्सल’ पर जानकारी नहीं, आरटीआई का दिया जवाब

पीएम नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ बयान पर विवाद के बीच गृह मंत्रालय का आरटीआई जवाब आया है। मंत्रालय ने कहा कि इसकी जानकारी उपलब्ध नहीं है।

आवेदन में पूछा गया था कि क्या यह सरकार की आधिकारिक श्रेणी है और इसके तहत लोगों की पहचान कैसे होती है। आवेदक ने ऐसे लोगों की संख्या, राज्यवार आंकड़े और पहचान के नियमों से जुड़े दस्तावेज मांगे थे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *