टिपण्णी

भास्कर अपडेट्स: लेह और करगिल में नगर निकाय चुनाव 21 नवंबर को, आचार संहिता लागू; 38 वार्डों में चुनाव होने हैं

Spread the love




लेह और करगिल की नगर समितियों (कुल 38 वार्ड) के लिए चुनाव 21 नवंबर को होंगे। यहां आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है और यह 30 नवंबर तक प्रभावी रहेगी। लद्दाख में पिछली बार पंचायत और नगर निकाय चुनाव 2018 में हुए थे, जब यह तत्कालीन जम्मू-कश्मीर राज्य का हिस्सा था। दोनों नगर समितियों का कार्यकाल समाप्त हो गया है। 21 वार्डों वाली लेह नगर समिति और 17 वार्डों वाली करगिल नगर समिति के लिए मतदाता सूची पब्लिश कर दी गई है। ये चुनाव ‘जम्मू-कश्मीर नगर अधिनियम, 2000’ और ‘जम्मू-कश्मीर नगर समिति (चुनाव) नियम, 2003’ के तहत कराए जा रहे हैं। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 नवंबर है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 6 नवंबर को होगी। उम्मीदवार 9 नवंबर तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। सभी वार्डों में 21 नवंबर को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। आज की अन्य बड़ी खबरें… टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस- MCOCA कोर्ट ने 11 आरोपियों को 6 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेजा महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गनाइज्ड क्राइम एक्ट (MCOCA) कोर्ट ने टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस में 11 आरोपियों को 6 नवंबर तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है। 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर 5 से 6 राउंड फायरिंग हुई थी। टाइगर सुरक्षित बच गए, जबकि उनके ड्राइवर और एक व्लॉगर घायल हो गए। 19 अक्टूबर को मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109(1) यानी हत्या के प्रयास और धारा 3(5) यानी साझा मंशा के तहत आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के साथ FIR दर्ज की गई थी। बंगाल CM बोले- टुकड़े-टुकड़े गैंग और कॉकरोचों को पैर पसारने न दें, कश्मीर की आजादी मांगने वाले समूहों की यहां जगह नहीं पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि टुकड़े-टुकड़े गैंग और कॉकरोचों को पैर पसारने नहीं देना चाहिए। कश्मीर की आजादी मांगने वाले समूहों की यहां कोई जगह नहीं है। उन्होंने कहा कि हिंदू शरणार्थियों को जेल नहीं जाने दिया जाएगा, बल्कि नागरिकता संशोधन कानून (CAA) के तहत नागरिकता दिलाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि सीमावर्ती इलाकों में देशविरोधी गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए अवैध मदरसों को चलने नहीं दिया जाएगा। अंडमान द्वीप समूह के डिगलीपुर के पास 5.0 तीव्रता का भूकंप आया अंडमान द्वीप समूह के डिगलीपुर के पास गुरुवार को 5.1 तीव्रता का भूकंप आया। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र बंबू फ्लैट से 218 किलोमीटर दूर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में था। फिलहाल किसी तरह के नुकसान या जनहानि की खबर नहीं है। महाराष्ट्र के विरार में फ्लैट के अंदर 3 भाई-बहनों के शव मिले; आत्महत्या की आशंका, एक को कैंसर था महाराष्ट्र के विरार वेस्ट स्थित ग्लोबल सिटी इलाके में एक बंद फ्लैट के अंदर तीन भाई-बहनों के शव मिले हैं। इनमें दो भाई और एक बहन शामिल हैं। पुलिस को शक है कि तीनों ने जहर खाकर आत्महत्या की है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, मृतकों में से एक कैंसर से पीड़ित था और परिवार आर्थिक परेशानियों का सामना कर रहा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुप्रीम कोर्ट ने ममता बनर्जी पर ED की जांच में दखल देने के मामले में फैसला सुरक्षित रखा सुप्रीम कोर्ट ने प्रवर्तन निदेशालय (ED) की उस याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है, जिसमें पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी और राज्य के अन्य अधिकारियों पर मौलिक अधिकारों के उल्लंघन का आरोप लगाया गया है। ED का आरोप है कि ममता बनर्जी और राज्य के अन्य अधिकारियों ने कोलकाता स्थित राजनीतिक सलाहकार कंपनी I-PAC के कार्यालयों में जांच और तलाशी अभियान के दौरान हस्तक्षेप किया था। एजेंसी ने इसे अपने काम में बाधा डालने और उसके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन बताया है। असम में पैसेंजर ट्रेन के इंजन की ट्रॉली पटरी से उतरी, सभी यात्री सुरक्षित; कई ट्रेनें प्रभावित असम के लुमडिंग-बदरपुर पहाड़ी रेलखंड में गुरुवार सुबह सिलचर-गुवाहाटी एक्सप्रेस के इंजन की आगे की ट्रॉली पटरी से उतर गई। नॉर्थईस्ट फ्रंटियर रेलवे (NFR) के मुताबिक, घटना सुबह करीब 8:50 बजे बदरपुर और सुकरितिपुर स्टेशनों के बीच हुई। हादसे में किसी यात्री के घायल होने या मौत की खबर नहीं है। रेलवे ने बताया कि ट्रेन के सभी यात्री डिब्बों और पिछले हिस्से को पीछे ले जाकर बदरपुर स्टेशन पहुंचाया गया। ट्रेन को बदरपुर में ही रोककर उसकी यात्रा समाप्त कर दी गई। गुरुवार को गुवाहाटी से सिलचर जाने वाली इसकी वापसी सेवा भी रद्द कर दी गई है। वरिष्ठ रेलवे अधिकारियों की निगरानी में ट्रैक और रेल सेवाएं बहाल करने का काम जारी है। इस घटना के कारण रेलखंड पर चलने वाली कई अन्य ट्रेनें भी प्रभावित हुई हैं। सियालदह-सिलचर एक्सप्रेस, सैरांग-कोलकाता एक्सप्रेस, अगरतला-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस, अगरतला-सियालदह एक्सप्रेस और कोलकाता-सैरांग एक्सप्रेस को अलग-अलग स्थानों पर नियंत्रित किया गया है। केरल हाईकोर्ट ने जज की गिरफ्तारी पर रोक लगाई, 17 साल के बेटे की कार से व्यक्ति की मौत का मामला केरल हाईकोर्ट ने चेरानल्लूर कार हादसे के मामले में एक एडिशनल सेशंस जज की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है। इस हादसे में जयकृष्णन नाम के एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। मामले में जज के 17 साल के बेटे की भूमिका बताई गई है। जज ने गिरफ्तारी से बचने के लिए हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दायर की थी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने उनकी गिरफ्तारी की जरूरत पर सवाल उठाए। कोर्ट ने कहा कि जज न्यायिक अधिकारी हैं और जांच में सहयोग कर चुके हैं। वे पूछताछ के लिए भी पेश हुए थे। हाईकोर्ट ने जज को जांच में पूरा सहयोग करने और जांच अधिकारी के सामने पेश होने का निर्देश दिया। कोर्ट ने यह भी कहा कि न्यायिक फैसले लोगों की धारणा या दबाव के आधार पर नहीं लिए जा सकते। अग्रिम जमानत याचिका पर विस्तृत दलीलें बाद में सुनी जाएंगी। बारामूला में सेना के जूनियर कमीशंड ऑफिसर का शव मिला, उत्तराखंड के रहने वाले थे कश्मीर के बारामूला जिले के रामपुर इलाके में सेना के एक जूनियर कमीशंड ऑफिसर (JCO) का शव मिला है। उनकी पहचान नायब सूबेदार वी. प्रताप सिंह के रूप में हुई है। वे उत्तराखंड के देहरादून के रहने वाले थे और लच्छीपोरा में तैनात थे। अधिकारियों के मुताबिक, प्रताप सिंह का शव FSC रामपुर में मिला। शव को मेडिकल-कानूनी औपचारिकताओं के लिए भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि मौत की सही वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है। CJI सूर्यकांत पर पोस्ट के मामले में संजय राउत ने मांगी बिना शर्त माफी शिवसेना (UBT) के सांसद संजय राउत ने CJI सूर्यकांत के खिलाफ टिप्पणी वाली सोशल मीडिया पोस्ट के मामले में सुप्रीम कोर्ट से बिना शर्त माफी मांगी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अवमानना नोटिस मिलने के बाद उन्होंने हलफनामा दाखिल कर कहा कि वह अपनी इच्छा से पूरी तरह माफी मांग रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट ने राउत को 17 नवंबर को व्यक्तिगत रूप से पेश होने का निर्देश दिया है। अदालत उस दिन उनके माफीनामे पर विचार करेगी और इस मामले में फैसला भी सुना सकती है। दरअसल, राउत ने अल्बानिया में हिंसक प्रदर्शनों का वीडियो शेयर करते हुए वहां सुप्रीम कोर्ट और सरकारी इमारतों पर हमलों का जिक्र किया था। साथ ही उन्होंने भारत समेत दूसरे देशों को इससे सबक लेने की बात कही थी। गोवा के वास्को बाजार में आग, 150 से ज्यादा दुकानें जलीं; दिवाली के लिए सामान रखा था गोवा के वास्को शहर के एक बाजार में बुधवार देर रात भीषण आग लग गई। आग में 150 से ज्यादा दुकानें और उनमें रखा सामान जल गया। हादसे में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने घटनास्थल पर पहुंचकर नुकसान का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुकानदारों ने दिवाली के लिए जरूरी सामान का स्टॉक रखा था, ऐसे में उन्हें भारी नुकसान हुआ है। आग लगने का कारण अभी पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों के मुताबिक, आग पर काबू पाने के लिए दमकलकर्मियों को चार घंटे से ज्यादा समय तक मशक्कत करनी पड़ी। तमिलनाडु में जेल से भागने की कोशिश करने वाले कैदियों पर गोली चलाने की परमिशन होगी तमिलनाडु सरकार ने जेल से भागने की कोशिश करने वाले कैदियों पर पुलिस को गोली चलाने की अनुमति दी है। राज्य की सभी 125 जेलों के वॉच टावरों पर हथियारबंद गार्ड तैनात होंगे। यह फैसला थेनी जेल से 17 कैदियों के फरार होने के बाद लिया गया। बुधवार को दो कैदी पकड़े गए। अब तक 15 गिरफ्तार हो चुके हैं। दो की अब भी तलाश है। पुणे एयरपोर्ट पर पैसेंजर के जूतों से 13.44 लाख रुपए का गांजा बरामद पुणे एयरपोर्ट पर सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने बैंकॉक से आए एक भारतीय यात्री के जूतों की तलाशी के दौरान 381.27 ग्राम गांजा पावडर बरामद किया। इसे जूतों के तलवों में खास तरीके से छिपाया गया था। पुणे कस्टम्स की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने 27 अक्टूबर की शाम एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान से पहुंचे यात्री को खुफिया जानकारी के आधार पर रोका। अधिकारियों को उसके स्पोर्ट्स जूते सामान्य से ज्यादा भारी लगे। दोनों जूतों के सोल काटने पर उनमें खास तौर पर बनाई गई खाली जगहें मिलीं। इन जगहों में काले कपड़े में लिपटे और लाल टेप से बांधे गए पैकेट छिपाए गए थे। जब्त गांजे की कीमत 13.44 लाख रुपए आंकी गई है। वकीलों की हड़ताल के बीच दिल्ली पुलिस ने एसीपी और एसएचओ का किया तबादला दिल्ली पुलिस ने वकील पर कथित हमले और इसके बाद शाहदरा थाने में हुए विवाद के बीच एसीपी मानसवी वशिष्ठ और इंस्पेक्टर अरुण कुमार का तबादला कर दिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। दिल्ली पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, गांधी नगर में एसीपी (सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर) के पद पर तैनात मानसवी वशिष्ठ को महिलाओं और बच्चों के लिए विशेष पुलिस यूनिट में भेजा गया है। वहीं, शाहदरा थाने के एसएचओ इंस्पेक्टर अरुण कुमार का तबादला सुरक्षा इकाई में किया गया है। ये तबादले वकीलों की उस हड़ताल के बीच हुए हैं, जिसमें वे एडवोकेट ललित बंसल पर कथित हमले और इसके बाद शाहदरा थाने में हुए विवाद के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *