शुक्रवार रात आई आंधी से पीपे का पुल अपनी जगह से बहकर करीब सौ मीटर दूर चला गया। पीपा पुल के बह जाने से ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है। वहीं इससे फतेहपुर जिले से सीधा संपर्क भी टूट गया। शुक्रवार-शनिवार की देर रात जिले में आंधी-तूफान से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। आंधी इतनी तेज थी कि भवनों में लगे टिन-टप्पर उड़ते नजर आए। करीब दो घंटे तक लोग इससे प्रभावित रहे। रात का समय होने के कारण जनहानि नहीं हुई लेकिन लोगों को आर्थिक क्षति अवश्य उठानी पड़ी। वहीं तेज आंधी से करीब सभी मार्ग प्रभावित रहे, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ी।
तेज आंधी की चपेट में आकर ब्लॉक क्षेत्र के मड़ौली कला और अढ़ावल गांवों को जोड़ने वाला पीपे का पुल भी बह गया। ग्रामीणों ने बताया कि आंधी की चपेट में आकर पुल अपनी जगह से करीब सौ मीटर दूर खिसक गया। इससे बड़ी संख्या में ग्रामीणों का आवागमन बाधित रहा। स्थानीय लोग लोगों ने बताया कि पुल मड़ौली कला गांव को फतेहपुर के अढ़ावल से जोड़ता था।








