समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट के जरिए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और उसके नेतृत्व पर तंज कसा है। अखिलेश यादव ने दावा किया है कि उत्तर प्रदेश में हार के डर और ‘पीडीए’ (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) के दबाव के कारण भाजपा अपने सहयोगी दलों को साधने की कोशिश में जुट गई है।
सपा अध्यक्ष ने सूत्रों के हवाले से कहा कि भाजपा अपने सहयोगी दलों को छटकने से रोकने के लिए कुछ चुनावी विशेषज्ञों की सलाह पर सीटों का वितरण करने की योजना बना रही है। उनके अनुसार, यह संभावित सीट बंटवारा इस प्रकार है:
राष्ट्रीय लोक दल (RLD): 73 सीटें
सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा): 39 सीटें
निषाद पार्टी: 31 सीटें
अपना दल: 19 सीटें
पीडीए की आबादी के अनुपात में यह योजना भी नाकाम
अखिलेश यादव ने इस सीट बंटवारे पर टिप्पणी करते हुए कहा कि हालांकि यह कदम सराहनीय दिख सकता है, लेकिन ‘पीडीए’ की आबादी के अनुपात के लिहाज से यह आधी से भी कम सीटें हैं। इसी कारण भाजपा की यह योजना पूरी तरह से विफल होगी।
भाजपा सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
सपा प्रमुख ने अपने पोस्ट में राज्य सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कई मुद्दे उठाए। उन्होंने कहा कि जनता भाजपा शासन में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, परीक्षाओं में धांधली और स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली से त्रस्त हो चुकी है। इसके अलावा अग्निवीर योजना, 69,000 शिक्षक भर्ती में आरक्षण के मुद्दे, बुलडोजर कार्रवाई, और शिक्षकों व कर्मचारियों के आंदोलनों का जिक्र करते हुए उन्होंने दावा किया कि जनता अब बदलाव चाहती है।
पोस्ट के अंत में अखिलेश यादव ने नारा देते हुए लिखा— “जन-जन कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!”







