रसरंग में मेरे हिस्से के किस्से:  सिंगल शॉट में पूरा किया था एक पेज का डायलॉग
अअनुबंधित

रसरंग में मेरे हिस्से के किस्से: सिंगल शॉट में पूरा किया था एक पेज का डायलॉग

Spread the love


रूमी जाफरी33 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक
हीरो नंबर 1 के दृश्य में गोविंदा के साथ करिश्मा कपूर। - Dainik Bhaskar

हीरो नंबर 1 के दृश्य में गोविंदा के साथ करिश्मा कपूर।

बीते हफ्ते 25 जून को लोलो यानी करिश्मा कपूर की सालगिरह थी। तो मुझे ध्यान आया कि मेरी सबसे ज्यादा फिल्मों की हीरोइन, जिसके साथ मेरी 100 परसेंट फिल्में सुपरहिट हुईं, पर मैंने इस कॉलम में अब तक कोई किस्सा नहीं लिखा। इसलिए आज मेरे हिस्से के किस्से में बात करिश्मा कपूर की।

मैंने लोलो के साथ 8 फिल्में की हैं- कुली नंबर 1, हीरो नंबर 1, बीवी नंबर 1, हसीना मान जाएगी, चल मेरे भाई, दुल्हन हम ले जाएंगे, साजन चले ससुराल और जुड़वां। लोलो के साथ ये सारी फिल्में सुपरहिट रहीं। आप सोच रहे होंगे कि मैं बार-बार करिश्मा को ‘लोलो’ ही लिख रहा हूं। मेरी इतने सालों से आदत है करिश्मा को लोलो कहने की। कपूर फैमिली में एक रिवाज है और सही मायने में देखा जाए तो हमारे देश में ये रिवाज है कि हर इंसान का बाहर नाम कुछ और होता है और घर पर प्यार से बोलने वाला नाम (पेट नेम) कुछ और, जैसे कि कपूर फैमिली की मिसाल लेते हैं, तो उनके यहां प्यार से बोलने वाले जो नाम हैं, वो कमाल के हैं, जैसे डब्बू जी, चिंटू जी, चिम्पू जी, बेबो, लोलो। एक बार मुझे ऋषि कपूर ने बताया था कि वे ‘सागर’ फिल्म की शूटिंग कर रहे थे। तो रमेश सिप्पी बोले कि चिंटू और कमल जी को बुलाओ। चिंटू जी ने सुन लिया और वो बोले- रमेश जी, आपने मेरे लिए कहा कि चिंटू को बुलाओ और कमल हसन के लिए बोला कि कमल जी को बुलाओ, ऐसा क्यों? तो रमेश जी ने कहा कि यार ये ‘चिंटू’ में ‘जी’ और ‘आप’ लगाने का मन नहीं करता। ऋषि जी बोले, बस उसी दिन से मैंने तय कर लिया था कि मैं अपने बच्चों के कोई पेट नेम नहीं रखूंगा, इसीलिए मैंने रणबीर और रिद्धिमा का कोई ‘पेट नेम’ नहीं रखा।

खैर, करिश्मा कपूर की बात करे तो मैंने अपनी जिंदगी में जो सबसे ज्यादा मेहनती हीरोइन देखी है, वो करिश्मा कपूर है। उसकी कामयाबी का क्रेडिट मैं सिर्फ दो चीजों को दूंगा- एक उसी मेहनत और दूसरी बबिता जी। जबसे लोलो ने हीरोइन बनने की ख्वाहिश दिखाई, बबिता जी चट्टान की तरह उसके साथ खड़ी रहीं, उन्होंने हमेशा उसे (और करीना को भी) सही रास्ता दिखाया है। मुझे याद है कि यह 1996 की बात है। हम लोग हीरो नंबर 1 की शूटिंग कर रहे थे। उस वक्त बबिता जी और बेबो यानी करीना भी आए हुए थे। करीना तब छोटी थी। उस वक्त लोलो बस में आई और बेबो से गले लगकर रोने लगी। मैंने पूछा, क्या हुआ तो बबिता जी ने बताया कि बेबो का 10वीं का रिजल्ट आया है और वो पास हो गई, इसीलिए लोलो खुशी से रो रही है। बबिता जी बोली कि मैं करिश्मा की मां हूं और करिश्मा करीना की मां है। लोलो उसको अपनी बेटी की तरह प्यार करती है और उस दिन सच में, मैंने लोलो और बेबो का आपस में प्यार और जज्बात देखे। इसी बात पर मुझे मुनव्वर राना का एक शेर याद आ रहा है –

घरों में यूं सयानी बेटियां बेचैन रहती हैं, कि जैसे साहिलों पर कश्तियां बेचैन रहती हैं

लोलो स्विट्जरलैंड से ‘दिल तो पागल है’ की शूटिंग करके लौटी और मेरी शूटिंग पर आई तो मैंने पूछा कि शाहरुख और यश जी के साथ काम करने का कैसा अनुभव रहा। उसने कई बातें बताईं, लेकिन एक बात जो आज तक मेरे जहन में बैठी है, वो एक सीन है। उसने बताया- उस सीन में मैं भगवान से नाराज हूं और उनसे झगड़ा करती हूं। मैं भगवान पर चिल्लाती हूं, पत्थर मारती हूं। एक पेज से बड़ा डायलॉग था। मैंने बहुत रिहर्सल की थी। यश जी ने कहा कि वे यह पूरा डायलॉग एक ही शॉट में लेंगे। मैं नर्वस भी थी और एक्साइटेड भी। उन्होंने एक्शन बोला और मैंने डायलॉग बोलना शुरू किया। पूरी एनर्जी, पूरे इमोशन, पूरा एंगर डालकर। आधे डायलॉग के बाद मेरे माथे पर पानी की एक बूंद गिरी, फिर गाल पर दूसरी। मुझे टेंशन हुआ कि ये तो फिर से रिटेक करना पड़ेगा। मगर मैंने देखा कि यश जी इशारा कर रहे हैं, बोलती रहो। मैंने पूरा डायलॉग कम्पलीट किया और पानी बरसने लगा। मुझे ऐसा लगा कि मैं जो भगवान से ये शिकायत कर रही हूं, उसने वो बात सुन ली, उस तक पहुंच गई। यश जी ने वही शॉट रखा।

सच कहा है किसी ने। अगर आप सच्चे मन से, पूरी शिद्दत से कुछ बोलो, कुछ मांगो तो आवाज पहुंचती है। करिश्मा इसकी एक मिसाल है। जब वो इंडस्ट्री में आई थी तो 15-16 साल की थी। लोग कहते थे कि इसकी हरी आंखें हैं, हरी आंख की हीरोइन नहीं चलती। मगर उसने अपनी मेहनत और शिद्दत से सारे लोगों को गलत साबित किया और इंडस्ट्री की टॉप हीरोइन बनकर दिखाया। करिश्मा कपूर को याद करते हुए उसकी और मेरी फिल्म हीरो नंबर 1 का ये गाना सुनिए, अपना खयाल रखिए और खुश रहिए।

तू मेरा, तू मेरा, तू मेरा, तू मेरा, तू मेरा हीरो नंबर 1



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *