18 मैच, 16 जीत और दूसरा स्थान… लखनऊ के 12 वर्षीय पैडलर लक्ष्य कुमार ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर एशियाई टेबल टेनिस टीम में जगह बना ली है। अब वह इंग्लैंड के शीफील्ड में 12 से 18 अक्तूबर तक होने वाले आईटीटीएफ वर्ल्ड होप्स वीक एंड चैलेंज में एशियाई टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे।
लक्ष्य का चयन अल्माटी (कजाकिस्तान) में 29 जुलाई से तीन अगस्त तक हुई चयन प्रक्रिया में उनके प्रदर्शन के आधार पर हुआ। यहां एशिया के करीब 35 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। लक्ष्य ने ट्रायल के दौरान 18 मैच खेले, जिसमें 16 में जीत दर्ज कर दूसरा स्थान हासिल किया। इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्हें एशियाई टीम में जगह मिली। टीम में थाईलैंड के चोथिरुन नंताचाइवुत और कतर के रबीह खालिद अल-कुवारी को भी शामिल किया गया है।
ये भी पढ़ें – कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता पर सवाल, हाईटेक तकनीक के बावजूद खामियां; मानवीय निगरानी की जरूरत
ये भी पढ़ें – SIR के बाद अब यूपी में SSR, विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को दुरुस्त करने की बड़ी कवायद
लक्ष्य लखनऊ के विकासनगर स्थित पैसिफिक टेनिस अकादमी (स्टैग) में भारतीय टेबल टेनिस कोच पराग अग्रवाल से प्रशिक्षण लेते हैं। उनके लिए यह साल शानदार रहा है। पिछले माह उन्होंने ताशकंद (उज्बेकिस्तान) में हुई अंडर-13 डब्ल्यूटीटी यूथ रेगुलर चैलेंज में उपविजेता का स्थान हासिल किया। इससे पहले गत वर्ष उन्होंने ऑल इंडिया रैंकिंग टेबल टेनिस में कांस्य पदक जीता था, जबकि ऑल इंडिया आईसीएसई टेबल टेनिस चैंपियनशिप में विजेता बने थे।