![]()
सोशल मीडिया पर रील स्क्रॉल करते ही वजन घटाने, पेट की चर्बी कम करने और कई बीमारियों को ठीक करने का दावा करने वाले चमत्कारी हेल्थ हैक्स नजर आते हैं। लेकिन इन पर भरोसा करना नुकसानदायक हो सकता है। जर्नल ऑफ मेडिकल इंटरनेट रिसर्च में प्रकाशित 69 अध्ययनों की सिस्टेमैटिक रिव्यू के अनुसार, सोशल मीडिया पर स्वास्थ्य संबंधी 87% पोस्ट भ्रामक पाई गईं। इसलिए किसी भी हेल्थ टिप को अपनाने से पहले उसकी सच्चाई जरूर जांचें। जानिए 6 वायरल हेल्थ टिप्स की सच्चाई नींबू पानी बॉडी को डिटॉक्स करने में मदद करता है? गुनगुने पानी में नींबू का रस डालकर पीना अच्छी आदत हो सकती है, पर ये शरीर के टॉक्सिन्स नहीं निकालता। यह काम लिवर-किडनी लगातार करते हैं। अगर ऐसा करने से वजन घटता है, तो यह डाइट और हाइड्रेशन से जुड़ा है। एप्पल साइडर विनेगर शरीर की चर्बी पिघलाता है ? खाने के बाद पानी में 1 चम्मच लेने से ब्लड शुगर और वजन में हल्की-सी मदद मिलती है। लेकिन यह कोई चर्बी नहीं पिघलाता। इसे कभी भी बिना पानी मिलाए न पिएं। इससे दांतों के इनेमल, गले को नुकसान हो सकता है। चिया और फ्लेक्स सीड्स पेट की चर्बी कम करते हैं? ये दोनों बेहद पौष्टिक हैं। इनमें फाइबर व हेल्दी फैट होते हैं, जिससे पेट देर तक भरा रहता है। लेकिन कोई भी भोजन शरीर के किसी एक खास हिस्से की चर्बी नहीं घटा सकता। इसलिए इसे जादुई फैट बर्नर की उम्मीद में न लें। हार्ट अटैक में अदरक चबाना फायदेमंद होता है? अगर सीने में तेज दर्द, सांस लेने में तकलीफ या दर्द हाथ-जबड़े तक फैले, तो तुरंत मेडिकल मदद लें। हार्ट अटैक में अदरक के फायदों पर स्थापित शोध नहीं है। अगर एलर्जी न हो, तो डॉक्टर की सलाह से एस्पिरिन ले सकते हैं। कच्चे अंडे खाने से ज्यादा प्रोटीन मिलता है? जिम जाने वाले मानते हैं कि कच्चे अंडे खाने से ज्यादा प्रोटीन मिलता है। जबकि अंडा पकाने के बाद शरीर प्रोटीन को बेहतर तरीके से अब्जॉर्ब कर पाता है। वहीं, कच्चे अंडे खाने से साल्मोनेला इन्फेक्शन का भी खतरा रहता है। बुलेट कॉफी – कॉफी में घी मिलाकर पीने से फैट बर्न होता है? कॉफी में घी या मक्खन मिलाकर पीने से फैट बर्न नहीं होता। हां, यह पेट को लंबे समय तक भरा हुआ रख सकती है, लेकिन इसके एक कप में बहुत ज्यादा सैचुरेटेड फैट और एक्स्ट्रा कैलोरी होती है। (सोर्स- डॉ. अक्षत चड्डा- एमबीबीएस, जनरल फिजीशियन)
Source link








