35 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

56वां इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) आज से गोवा के पणजी में शुरू हो गया है। बॉलीवुड एक्टर अनुपम खेर, डायरेक्टर शेखर कपूर, तेलुगु एक्टर नंदमुरी बालकृष्ण ने इफ्फी 2025 में वेव्स फिल्म बाजार का उद्घाटन किया है।
20-28 नवंबर तक चलने वाली इस फेस्टिवल में दुनिया भर की बेहतरीन फिल्में दिखाई जाएंगी।
अनुपम खेर की 4 फिल्में की IFFI में स्क्रीनिंग
इफ्फी 2025 में अनुपम खेर की 4 फिल्में प्रदर्शित होंगी, जिसे लेकर उन्होंने खुशी जताई है। एक्टर की जिन फिल्मों की स्क्रीनिंग होगी, उनमें ‘तन्वी द ग्रेट’, ‘द बंगाल फाइल्स’, 1942 ए लव स्टोरी और ‘कैलरी’ शामिल हैं।
‘कैलरी’ एक कैनेडियन फिल्म है, जिसे इंडो-कैनेडियन फिल्ममेकर ईशा मरजारा ने लिखा और डायरेक्ट किया है, इसके साथ ही अनुपम की एक मास्टर क्लास भी यहां आयोजित की जाएगी।
दैनिक भास्कर से एक्सक्लूसिव बात करते हुए एक्टर ने खुशी जाहिर की। साथ ही फिल्म फेस्टिवल को लेकर अपनी यादें भी साझा की। उन्होंने कहा- ‘अनऑफिशियल रेट्रोस्पेक्ट ऑफ अनुपम खेर है। मैं अपने आपको ऐसे बोलना चाहता हूं। मैं ये बात बहुत प्यार और नम्रता से बोल रहा कि मुझे नहीं लगता कि सिनेमा के इतिहास में किसी भी फेस्टिवल में, किसी भी एक्टर की चार फिल्में अलग-अलग सेक्शन में सेलेक्ट हुई हैं।
स्पेशल स्क्रीनिंग के लिए 1942- अ लव स्टोरी, पैनोरमा के लिए तन्वी द ग्रेट, द बंगाल फाइल्स और इंटरनेशनल सेक्शन के लिए कनाडाई फिल्म कैलरी चुनी गई है।
मैं 1984 से फेस्टिवल अटेंड करता आ रहा हूं। मैंने पहला फेस्टिवल दिल्ली में अटेंड किया था। उस वक्त सारांश फिल्म सेलेक्ट हुई थी। उसके बाद बहुत सारे फेस्टिवल मैंने अटेंड किए हैं। लेकिन मुझे खुशी है कि अब हमारी एक जगह है, जो गोवा है। गोवा की अपनी एक पहचान है, अपनी एक खुशबू है। हम यहां सिनेमा को सेलिब्रेट कर रहे हैं। मुझे खुशी है कि मैं यहां हूं।’

IFFI में एक्टर एक मास्टर क्लास भी कंडक्ट करने वाले हैं। मास्टर क्लास पर बात करते हुए एक्टर ने कहा- ‘पहले मैं सिनेमा के बारे में बात करता था। लेकिन धीरे-धीरे मुझे लगा कि जो मास्टर क्लास अटेडेंट करने आते हैं, वो भावी कलाकार, राइटर, डायरेक्टर होते हैं। उनको कहीं ना कहीं एक इनसिक्योरिटी होती है कि मेरा क्या होगा। जैसे मुझे होती थी, जब मैं मुंबई काम ढूंढने आया था।
फिर मैं अपना टॉपिक ऐसा चुनता हूं, जिनसे उन्हें कोई प्रेरणा मिले। पिछले साल मेरा टॉपिक था-पावर ऑफ फेलियर था। इस बार मेरा टॉपिक है- गिविंग अप इज नॉट च्वाइस। आप कोई भी सिचुएशन से गुजर रहे हैं, आप हार नहीं मान सकते। इसे बताने का मेरे जिंदगी से जुड़े तरीके होते हैं।
लोगों को आमतौर पर लगाता है कि जिसका नाम होता है, वो सक्सेसफुल होता है। जबकि ऐसा नहीं है। पिछले 41 साल में जिंदगी में बहुत सारे उतार-चढ़ाव आए हैं। बहुत बार जिंदगी नीचे हुए है, फिर ऊपर आई है। लेकिन मैं कभी हार नहीं मानी है। उसी के बारे में मैं अपने मास्टर क्लास में बात करूंगा।’
इससे पहले एक्टर ने अपने सोशल मीडिया पर भी इस बात की जानकारी साझा की थी। उन्होंने लिखा था- ‘उत्साहित और सम्मानित महसूस कर रहा हूं। इस साल 56 वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव में मुझे अपनी तीन फिल्मों के प्रदर्शन का सौभाग्य और सम्मान मिला है।
भारतीय पैनोरमा सेक्शन में हमारी अपनी होम प्रोडक्शन तन्वी दे ग्रेट, विवेक अग्निहोत्री की द बंगाल फाइल्स शामिल है और अंतर्राष्ट्रीय सेक्शन में मेरी एक खूबसूरत कनाडाई फिल्म कैलरी है।

इसके अलावा मैं प्रतिष्ठित फिल्म महोत्सव में एक मास्टर क्लास भी कंडक्ट करूंगा। टॉपिक होगा ‘हार मानना कोई विकल्प नहीं है।’ बहुत कम एक्टर्स को ऐसे फेस्टिवल में इतना विविध और महत्वपूर्ण काम प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
जहां सिनेमा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मनाया जाता है। मेरे 41 साल के करियर और 549 फिल्मों के बाद, यह निश्चित रूप से एक शानदार साल लग रहा है। तो आप सभी से गोवा में मिलते हैं! आइए सिनेमा की भावना का जश्न मनाएं।’








