बरेली में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का बेहतर मंच देने के लिए शुरू किए गए अभ्युदय कोचिंग सेंटर का परिणाम लगातार बेहतर हो रहा है। समाज कल्याण विभाग से संबद्ध इस केंद्र में निशुल्क पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों ने नीट, यूपीएससी समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर जिले का मान बढ़ाया है।
अभ्युदय केंद्र में विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के पैटर्न के अनुरूप विषय विशेषज्ञों के माध्यम से तैयारी कराई जाती है। केंद्र में नीट, यूपीएससी, पीसीएस, एसएससी समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने की व्यवस्था है। आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2023-24 में 250 और 2024-25 में 300 से अधिक युवाओं ने परीक्षाओं की तैयारी के लिए अभ्युदय कोचिंग में पंजीकरण कराया, जिनमें विद्यार्थियों ने अलग-अलग प्रतिष्ठित परीक्षाओं में सफलता हासिल कर अभ्युदय केंद्र की उपलब्धियों में नया अध्याय जोड़ा है।
यह भी पढ़ें- UP: बरेली परिक्षेत्र के आठ रूटों पर चलेंगी इलेक्ट्रिक बसें, एक चार्जिंग स्टेशन तैयार; आरामदायक होगा सफर
वहीं वर्ष 2026-27 में भी अब तक नीट, यूपीएसएसी और एसएससी समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए 329 विद्यार्थी पंजीकरण करा चुके हैं। वहीं अभी पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। वर्ष 2023 से वर्ष 2025 तक अभ्युदय कोचिंग में तैयारी पाकर 7 विद्यार्थियों ने नीट, एक युवा का बैंक पीओ, एक छात्रा का चयन बिहार लोक सेवा आयोग, एक छात्र का चयन यूपी पुलिस के साथ ही अन्य पदों पर हुआ है। जो कि अब सरकारी सेवा के साथ ही अन्य के लिए प्रेरणा बने हैं।







