DUSU प्रेसिडेंट आर्यन मान ने प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की।
दिल्ली विश्वविद्यालय स्टूडेंट्स यूनियन (DUSU) प्रेजिडेंट बहादुरगढ़ के रहने वाले आर्यन मान वृंदावन में प्रेमानंद महाराज की शरण में पहुंचे। इस मुलाकात का वीडियो सामने आया है, जिसमें प्रेमानंद महाराज आर्यन को कह रहे हैं कि कोशिश कीजिए आपके दोस्त नशा न क
.
इस वीडियो की इसलिए चर्चा हो रही है क्योंकि आर्यन मान के परिवार का हरियाणा में शराब का बड़ा कारोबार है। उनकी कंपनी के कई लिकर ब्रांड भी हैं। DUSUअध्यक्ष का यह वीडियो 6 जनवरी का है। वह अपने दोस्तों के साथ प्रेमानंद महाराज के दर्शन करने के लिए पहुंचे थे।
आर्यन ने प्रेमानंद महाराज से सवाल किया था कि युवा भक्ति मार्ग पर किस प्रकार से चल सकते हैं? महाराज ने उन्हें दोस्तों को गलत आचरण और नशे से बचाने की सलाह दी। आर्यन ने मुलाकात का वीडियो अपने सोशल मीडिया पेज पर पोस्ट किया। नशे को लेकर सलाह पर सोशल मीडिया यूजर्स कमेंट कर रहे हैं।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के टिकट पर आर्यन मान ने DUSU अध्यक्ष का चुनाव लड़ा। चुनाव से पहले भी वह प्रेमानंद महाराज से आशीर्वाद लेने गए थे।

आर्यन मान को सलाह देते हुए प्रेमानंद महाराज
2 मिनट की मुलाकात में 4 खास बातें..
- DUSU अध्यक्ष ने मार्गदर्शन मांगा: DUSU प्रेसिडेंट आर्यन मान ने प्रेमानंद महाराज के सामने कहा कि उन्हें DU के छात्र-छात्राओं ने मार्गदर्शन के लिए भेजा है। देश के युवा भक्ति मार्ग पर किस प्रकार से चलें?
- गलत मार्ग पर न चलें: प्रेमानंद महाराज ने कहा कि भक्ति मार्ग पर चलें या न चलें, लेकिन गलत मार्ग पर न चलें, यह हम जरूर कहेंगे। भक्ति तक चलना, यह थोड़ा चढ़ाई का मार्ग है। आज युवा गलत मार्ग पर चलने लगे हैं। व्यसन करने लगे हैं, नशा। व्यभिचार में परिवर्तित होने लगे हैं।
- गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड, ये सब गंदी बातें: प्रेमानंद महाराज ने कहा कि गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड, ये सब गंदी बातें हैं। दोस्ती करो। दोस्ती बुरी नहीं है, लेकिन दोस्ती को गंदी मत करो। अच्छे दोस्त बनो। दोस्त वही है, जो गलत रास्ते से आपको सही रास्ते पर लेकर आता है। आप सब व्यसन रहित बनें।
- दोस्तों को नशे से बचाएं: प्रेमानंद महाराज ने मान को सलाह देते हुए कहा कि आप गलत आचरणों से बचिए। अपने मित्रों को गलत आचरण से बचाइए। आप अध्यक्ष बने हैं, भगवान की कृपा से, तो आप कोशिश करिए आपके दोस्त नशा न करें। आपके दोस्त लड़ाई-झगड़ा न करें। आपके दोस्त गंदे आचरण न करें।

आर्यन मान की पोस्ट पर इस तरह के कमेंट आए।
मान की पोस्ट पर आ रहे कमेंट सोशल मीडिया यूजर विक्रांत चौहान ने आर्यन मान की पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा- पिता शराब के ठेकेदार और ये यहां विचार लेने आया है। वाह, अरे मेरे युवाओं के सरदार।
एक दूसरे यूजर प्रवेश वत्स ने लिखा- आर्यन मान भाई दो-तीन बार और मिलो प्रेमानंद महाराज से। महाराज अच्छी शिक्षा देंगे। सोशल मीडिया में डाल देना। बहुत अच्छी बात कही महाराज ने गंदे इंसानों से दूर रहिए, नशा करने वाले दोस्तों को समझाइए और राधे-राधे बोलिए।

प्रेमानंद महाराज की सलाह सुनते हुए आर्यन मान।
4 पॉइंट में समझिए आर्यन मान और उनका परिवार
- लाइब्रेरी साइंस में MA कर रहे हैं आर्यन: आर्यन मान का एडमिशन स्पोर्ट्स कोटे से दिल्ली यूनिवर्सिटी के हंसराज कॉलेज में हुआ। उस समय कोरोना काल चल रहा था। ऐसे में पहले साल ऑनलाइन मोड क्लासेस अटेंड की और ओपन बुक एग्जाम में शामिल हुए। वर्तमान में लाइब्रेरी साइंस से MA कर रहे हैं।
- हंसराज में रहते हुए जॉइन किया ABVP: हंसराज कॉलेज जॉइन करने के 1 सप्ताह के भीतर ही उन्हें स्पोर्ट्स इक्विपमेंट्स की कमी महसूस हुई। इक्विपमेंट न मिलने के चलते उन्होंने कॉलेज प्रिंसिपल को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया। फिर अपने जूनियर्स और सीनियर्स के साथ मिलकर एप्लिकेशन लिखे और प्रिंसिपल को सौंपने गए। वहीं से ABVP के साथ जुड़ गए।
- रिकॉर्ड वोटों से बने DUSU प्रेसिडेंट: आर्यन ने साल 2024 में भी DUSU प्रेसिडेंट कैंडिडेट्स सीट के लिए मांग की थी, लेकिन तब उन्हें टिकट नहीं मिला। ABVP ने ऋषभ चौधरी को अपना प्रेसिडेंट कैंडिडेट बनाया, जो NSUI कैंडिडेट रौनक खत्री से हार गए। ABVP ने आर्यन मान को साल 2025 के लिए DUSU में प्रेसिडेंट के पद पर उतारा और उन्हें रिकॉर्ड 16,196 वोटों से जीत हासिल हुई।
- पिता और भाई शराब कारोबारी: आर्यन मान बिजनेस परिवार से आते हैं। उनके पिता, सिकंदर मान बहादुरगढ़ स्थित ADS ग्रुप (ADS स्पिरिट्स प्राइवेट लिमिटेड) के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं। आर्यन के बड़े भाई विराट मान ADS स्पिरिट्स प्राइवेट लिमिटेड के CEO हैं।
एक्टर संजय दत्त ने सपोर्ट किया 14 सितंबर को आर्यन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से बॉलीवुड के मशहूर एक्टर संजय दत्त का एक वीडियो मैसेज शेयर किया। इसमें दत्त अपना भतीजा बताते हुए DUSU इलेक्शन में आर्यन मान को वोट करने के लिए अपील करते नजर आए थे। इसमें वह आर्यन का बैलेट पेपर का नंबर और ABVP के पैनल का नंबर भी बताते हैं।
इसके बाद यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। मशहूर एक्टर रणदीप हुडा, भोजपुरी स्टार और सांसद रवि किशन, बिंदू दारा सिंह, पूर्व क्रिकेटर और अंपायर अनिल चौधरी ने वीडियो जारी कर मान को वोट करने की अपील की थी। हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा ने तो आर्यन मान के लिए कैंपस में प्रचार शो भी किया था।

आर्यन मान के लिए चुनाव के दौरान प्रचार करते हुए हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा। – फाइल फोटो









