आवारा कुत्तों से जुड़े एक मामले की सुनवाई में सुप्रीम कोर्ट ने 11 अगस्त को एक आदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि दिल्ली-एनसीआर के आवारा कुत्तों को पकड़कर स्थायी रूप से शेल्टर होम में रखा जाए। इसके साथ ही उन्हें दोबारा सड़कों पर न छोड़ा जाए। इस फैसले के बाद से सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में एक खुले मैदान में कई कुत्तें नजर आ रहे हैं। वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि वायरल वीडियो दिल्ली का है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया वायरल वीडियो इराक का है। इसे भारत का बताकर शेयर किया जा रहा है।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर कत्तो के झुंड का वीडियो शेयर कर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो दिल्ली का है।
साधना सक्सेना (@Bharatdarshan22) नाम की एक्स यूजर ने लिखा ” हां तो डॉग लवर यहां जाकर खाना खिला आओ जिसे भी जितना खिलाना है और मन करे तो दो चार उठाकर अपने घर में पाल लेना अपने विदेशी नश्ल वाले कुत्तों की जगह।” इसके साथ ही वीडियो पर लिखा है कि दिल्ली के सारे कुत्ते जमा हो गए हैं।” पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के कई अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने सबसे पहले वीडियो के कीफ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। इस दौरान हमें गिव मी योर वॉयस नाम के इंस्टाग्राम यूजर की एक पोस्ट मिली। यह पोस्ट 10 मार्च 2025 को साझा की गई है। पोस्ट में बताया गया है कि इराक के कुर्दिस्तान क्षेत्र में 3 लाख से ज्यादा आवारा कुत्ते होने का अनुमान है। एरबिल (जनसंख्या 18 लाख) शहर के बाहर कहीं छिपी इस जगह को “आश्रय” कहा जाता है, लेकिन असल में कुत्तों (शायद 10,000 से ज्यादा) को बिना पर्याप्त भोजन या चिकित्सा देखभाल के बस वहीं छोड़ दिया जाता है। आप जो भी सोच सकते हैं, वहां हो रहा है। हम कैसे मदद कर सकते हैं?
इसके बाद हमें फेसबुक पर सोरन मीडिया नाम के यूजर पर एक वीडियो देखने को मिले। पोस्ट 18 नंवबर 2018 को साझा की गई है। हालांकि यह वीडियो दूसरे एंगल से लिया गया है। वीडियो में लिखा गया है एरबिल में आवारा कुत्तों का आश्रय सोरान आश्रय का क्या हुआ?
इसके बाद हमने कीवर्ड के मदद से पड़ताल की। इस दौरान हमें शफाक की रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 2 दिंसबर 2023 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है कि कुर्दिस्तान क्षेत्र की राजधानी एरबिल में स्थानीय सरकार के प्रमुख, ओमद खोशनाव ने शनिवार को घोषणा की कि लगभग 3,000 आवारा कुत्तों को इकट्ठा करके एक आश्रय गृह में स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि आश्रय गृह में मृत्यु दर शहर के अन्य इलाकों और मोहल्लों की तुलना में कम है।
इसके साथ ही हमने वायरल वीडियो को ध्यान से देखा। वीडियो में कुछ क्लिप के बाद इराक लिखा हुआ भी नजर आया है। यहां से पता चलता है कि वायरल वीडियो इराक का है। इस वीडियो का दिल्ली से कोई संबंध नहीं है।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में वायरल वीडियो को भ्रामक पाया है। वायरल वीडियो का भारत से कोई संबंध नहीं है।








