सोशल मीडिया पर इन दिनों एक तस्वीर वायरल हो रही है। तस्वीर में एक आदेश की कॉपी नजर आ रही है। तस्वीर को शेयर कर दावा किया जा रहा है कि आईटीआर फाइल करने की तारीख आगे बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी गई है।
अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में वायरल दावे को गलत पाया है। हमने पाया कि वायरल आदेश की कॉपी फर्जी है। आईटीआर फाइल करने का समय 16 सितंबर तक ही बढ़ाया गया था।
क्या है दावा
सोशल मीडिया पर एक आदेश की कॉपी शेयर कर दावा किया जा रहा है कि आईटीआर फाइल करने का समय बढ़ाकर 30 सितंबर कर दिया गया है।
गुलजार मलिक (@GuljarMaliklive) नाम के एक्स यूजर ने लिखा “ महत्वपूर्ण अपडेट! सीबीडीटी ने 2025-26 के लिए आईटीआर दाखिल करने की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। नई समय सीमा: 14 सितंबर 2025 के बजाय के 30 सितंबर 2025। इस विस्तार का उद्देश्य करदाताओं को राहत प्रदान करना और सुचारू प्रणाली कार्यान्वयन एवं अनुपालन सुनिश्चित करना है।“ पोस्ट का लिंक आप यहां और आर्काइव लिंक यहां देख सकते हैं।

इसी तरह के कई अन्य दावों के लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। इनके आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
हमने दावे की पड़ताल के कीवर्ड से सर्च किया। लेकिन इस दौरान हमें कही भी आईटीआर दाखिल करने के 30 सितंबर 2025 तक की समय सीमा नहीं दिखी।
इसके बाद हमने अमर उजाला के न्यूज डेस्क से संपर्क किया। इस दौरान हमें एक रिपोर्ट मिली। यह रिपोर्ट 16 सितंबर 2025 को प्रकाशित की गई है। रिपोर्ट में बताया गया है “केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने आयकर रिटर्न दाखिल करने के लिए एक और दिन की मोहलत दी है। देर रात जारी सूचना के मुताबिक, रिटर्न आज भी फाइल किया जा सकता है। इनकम टैक्स रिटर्न फाइल करने को लेकर वित्त मंत्रालय ने जो सूचना जारी की है, इसके मुताबिक 16 सितंबर की रात 12 बजे तक आईटीआर फाइल किया जा सकेगा।”
यहां से पता चलता है कि आईटीआर दाखिल करने की आखिरी तारीख 16 सितंबर 2025 तक ही थी।
आगे की पड़ताल में हमें इनकम टैक्स इंडिया के एक्स हैंडल पर एक पोस्ट मिली। यह पोस्ट 14 सितंबर 2025 को साझा की गई है। पोस्ट में वायरल आदेश कॉपी को गलत बताया गया है।
इसके बाद हमने वायरल पोस्ट्स में साझा की जा रही कॉपी को ध्यान से देखा, इसमें हमें कई गलतियां नजर आईं। जैसे की “15th” के जगह “15st”। इसके साथ ही कॉपी में “14th“ के जगह 14st September” लिखा है।

इसके बाद हमें सीबीडीटी की एक प्रेस विज्ञप्ति मिली। यह 27 मई 2025 को साझा की गई है। इस कॉपी में और वायरल आदेश की कॉपी में सिर्फ तरीखों का फर्क है। बाकी साम्रगी एक है।
पड़ताल का नतीजा
हमने अपनी पड़ताल में पाया कि आईटीआर दाखिल करने की आखिरी तारीख 16 सितंबर 2025 तक की है।








