पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद एक वीडियो शेयर किया जा रहा है। वीडियो में सेना के जवान तोपों से हमला करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो इस दावे के साथ शेयर किया जा रहा है कि पहलगाम में हमले के बाद सेना के जवानों ने बदला लेने के लिए 12 पाकिस्तानी सैनिकों पर हमला कर दिया। अमर उजाला ने अपनी पड़ताल में इस दावे को गलत पाया है। पड़ताल में हमने पाया कि वीडियो 2020 से इंटरनेट पर मौजूद है। इस वीडियो को पहलगाम हमले से जोड़कर झूठा दावा शेयर किया जा रहा है।
आपको बता दें कि कश्मीर के पहलगाम में 21 अप्रैल 2025 को आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला कर दिया था। इस हमले में 26 लोगों की जान चली गई। इस हमले की जिम्मेदारी लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक समूह द रेजिस्टेंस फ्रंट ने ली। जो लोग इस हमले में बच गए उन लोगों ने बताया कि आतंकवादियों ने लोगों का धर्म पूछकर के निशाना बनाया। घटना के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक बैठक की जिसमें भारत ने 1960 की सिंधु जल संधि को निलंबित कर दिया और पाकिस्तान के साथ राजनयिक संबंधों में कमी की घोषणा की गई। इसी के साथ पाकिस्तान के साथ कई कूटनीतिक संबंधों पर रोक लगाने का फैसला लिया गया है।
क्या है दावा
इस वीडियो को शेयर करके दावा किया जा रहा है कि पहलगाम में हमले के बाद भारतीय सेना ने पाकिस्तानी सैनिकों पर हमले कर कई सैनिकों को मार गिराया है।
बाबा बनारस (@RealBababanaras) नाम के एक एक्स यूजर ने इस वीडियो को 23 अप्रैल 2025 को शेयर करके लिखा “टाटा पानी सेक्टर में सीजफायर उल्लंघन के बाद भारतीय सेना द्वारा जवाबी कार्रवाई में कम से कम 12 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, 3 चौकियां और 2 तोपखाने नष्ट हो गए। भारी तोपखाने और मोर्टार से गोलाबारी की खबर है।” इस पोस्ट को अब तक पांच लाख यूजर देख चुके हैं। पोस्ट का लिंक और आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं। पोस्ट का स्क्रीनशॉट भी नीचे देखा जा सकता है।

इस तरह के कई और दावों के लिए आप यहां और यहां देख सकते हैं। इन दावों के आर्काइव लिंक आप यहां और यहां देख सकते हैं।
पड़ताल
इस दावे की पड़ताल करने के लिए हमने वीडियो के कीफ्रेम्स को गूगल रिवर्स इमेज पर सर्च किया। यहां हमें आईएएफ गार्ड नाम के एक फेसबुक अकाउंट पर यह वीडियो देखने को मिला। वीडियो को 15 अप्रैल 2020 को पोस्ट किया गया था। यहां से यह साफ हो गया कि वीडियो 2020 से इंटरनेट पर मौजूद है।

आगे हमें रिपब्लिक भारत पर 14 जून 2020 को यूट्यूब पर यह वीडियो देखने को मिला। इस वीडियो के साथ कैप्शन लिखा गया था “J&K: Pakistan ने पुंछ में किया सीजफायर का उल्लंघन, सेना दे रही मुहतोड़ जवाब”
पड़ताल का नतीजा
हमारी पड़ताल में यह साफ है कि वीडियो 2020 से इंटरनेट पर मौजूद जिसे पहलगाम से जोड़कर गलत तरीके से शेयर किया जा रहा है।