कानपुर के नौबस्ता थाना क्षेत्र में रविवार शाम मामूली बाइक टक्कर खूनी संघर्ष में बदल गई। एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने दूसरी बाइक पर जा रहे पिता-पुत्र समेत तीन लोगों पर चाकू और हेलमेट से हमला कर दिया। हमले में पिता और एक बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। सरेशाम हुई दोहरी हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
जानकारी के मुताबिक किदवई नगर थाना क्षेत्र निवासी शिवनारायण त्रिवेदी अपने बेटों शिवम और सत्यम के साथ मार्बल मार्केट स्थित कनक मार्बल में काम करते थे। रविवार शाम तीनों काम खत्म कर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नौबस्ता क्षेत्र में दूसरी बाइक से टक्कर हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक भिड़ने के बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि दूसरी बाइक पर सवार तीन युवकों ने चाकू निकालकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हेलमेट से भी वार किए गए। हमले में शिवनारायण और उनके बेटे शिवम गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सत्यम भी लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने शिवनारायण और शिवम को मृत घोषित कर दिया। सत्यम की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। सरेशाम हुई डबल मर्डर की वारदात से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है।








