पीलीभीत में थाना घुंघचाई पुलिस ने नकली कफ सिरप बनाकर बेचने वाले झोलाछाप को गिरफ्तार किया है। पूरनपुर थाना के लाहा गांव निवासी आरोपी सुरेश कुमार के पास से 375 शीशी नकली कफ सिरप समेत काफी सामान बरामद किया गया है। एएसपी ने मंगलवार को मामले का खुलासा किया।
एएसपी विक्रम दहिया ने बताया कि एसपी (डीआईजी) अभिषेक यादव के निर्देश पर जिलेभर में कोडीनयुक्त कप सिरप को लेकर निगरानी की जा रही है। घुंघचाई पुलिस भी इस कार्य में जुटी थी। स्थानीय लोगों से थाना पुलिस को जानकारी मिली कि क्षेत्र का एक व्यक्ति युवाओं को नशे के सिरप समेत अन्य दवाएं उपलब्ध कराता है। टीम ने सूचना को गंभीरता से लेकर जांच-पड़ताल की तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। सोमवार रात सीओ पूरनपुर प्रतीक दहिया, घुंघचाई इंस्पेक्टर जयशंकर सिंह ने पुलिस टीम के साथ पूरनपुर थाना क्षेत्र के लाहा गांव निवासी आरोपी सुरेश कुमार को गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से 340 बोतल टोपेक्स गोल्ड और 35 बोतल क्योरेक्स-टी समेत सिरप की कुल 375 शीशियां बरामद की। कफ सिरप बनाने से संबंधित सामग्री, पांच पैकेट में 488 नई खाली शीशियां (बिना ढक्कन), 110 रैपर, 1939 ढक्कन, 03 स्प्रिट से भरी शीशियां, ऑरेंज फ्लेवर नंबर-एक, एक छोटा गैस सिलिंडर और एक बाइक बरामद की है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई।








