![]()
किसी इवेंट में मौजूदगी दर्ज कराना एक कला है, पर इवेंट खत्म होने के बाद भी लोगों के जेहन में बने रहना मनोविज्ञान…। अक्सर हम सोचते हैं कि ‘फर्स्ट इम्प्रेशन’ के लिए बुलंद आत्मविश्वास, गजब का चार्म व बातचीत पर पकड़ ही काफी है। शोध भी इसकी पुष्टि करते हैं कि ये गुण आपको पसंद किए जाने के काबिल तो बनाते हैं, पर जरूरी नहीं कि ‘अविस्मरणीय’ भी बना दें। व्यवहार विश्लेषक वेंडी पैट्रिक ने ‘साइकोलॉजी टुडे’ में अपने हालिया विश्लेषण से यह उलझन सुलझाई है। निष्कर्ष बताते हैं- ‘बस जैसे हो, वैसे बने रहो’ वाली पुरानी सलाह से कहीं ज्यादा गहरी चीज है, जो लोगों को आपकी तरफ खींचती है। मार्टजे बुस की स्टडी के अनुसार, जो लोग समूह में ‘डॉमिनेट’ करते हैं या बहिर्मुखी व्यवहार दिखाते हैं, वे नेटवर्किंग इवेंट्स या सामाजिक समारोहों में जल्दी लोकप्रिय हो जाते हैं। ऐसे लोग जो बातचीत की कमान संभालते हैं और आत्मविश्वास प्रोजेक्ट करते हैं, वे नोटिस तो किए जाते हैं, पर यह लोकप्रियता अक्सर सतही होती है।
‘यूनिकली लाइक्ड’ होने का रहस्य माइकल डफनर व साशा क्राउसे की स्टडी से खुलता है। उन्होंने 139 अजनबियों के बीच मुलाकातों की स्टडी की। उन्होंने दो तरह के व्यवहारों ‘एजेंटिक’ (दबदबा, नेतृत्व) व ‘कम्यूनल’ (मित्रता, विनम्रता, परोपकार) की तुलना की। स्टडी में पाया कि जो लोग इन दोनों का मिश्रण थे, उन्हें सामान्य रूप से पसंद किया गया। पर जो लोग ‘यूनिकली लाइक्ड’ (खासतौर पर पसंद किए गए) थे- यानी जिनसे मिलने के बाद सामने वाले व्यक्ति को लगा कि उनका वास्तविक जुड़ाव बना है- वे वही लोग थे जिन्होंने गर्मजोशी को प्राथमिकता दी। एक्सपर्ट कहते हैं,‘दबदबा सम्मान दिला सकता है, पर सिर्फ ‘गर्मजोशी’ ही सामान्य पसंद को वास्तविक आकर्षण में बदलती है।’ कहां क्या कारगर… ये परिस्थितियों पर निर्भर: एक्सपर्ट गर्मजोशी या दबदबे में से क्या इस्तेमाल करना है, यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप किस स्थिति में हैं। पैट्रिक कहते हैं, यदि प्रोफेशनल इवेंट में हैं, तो आत्मविश्वास और पहल करना बेहतर होगा। लेकिन, गहरा प्रभाव छोड़ना चाहते हैं, जैसे डेट पर या खास दोस्त के साथ, तो वहां आपकी मुखरता से ज्यादा सौम्यता और विनम्रता काम आएगी। यह थोड़ा अजीब लग सकता है क्योंकि हमारी संस्कृति में ‘कॉन्फिडेंस’ दिखाने पर जोर दिया जाता है। यानी जो ज्यादा चमकता है, वही याद रहता है। पर मनोवैज्ञानिक तथ्य इसके विपरीत हैं। आत्मविश्वास ‘स्टेटस’ दे सकता है, पर किसी के मन में दोबारा मिलने की तड़प पैदा करने के लिए स्वभाव में मिठास व गर्मजोशी अनिवार्य है।
Source link








