- Hindi News
- Opinion
- N. Raghuraman’s Column: Which Path Should Fresh Engineers Take To Secure A Placement?
15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

एन. रघुरामन, मैनेजमेंट गुरु
सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनने के लिए, खासकर स्टार्टर्स के लिए तो यह बहुत मुश्किल दौर है, है ना?’ अगर कोई चेहरे पर व्यंग्यपूर्ण मुस्कान के साथ आपसे ऐसी संवेदना जताए तो आपको भी और ज्यादा मुस्कुराते हुए जवाब देना चाहिए कि ‘चिंता करने के लिए धन्यवाद। लेकिन मुझे पता है कि इस मुश्किल बाजार में कैसे घुसना है और कैसे अच्छी प्लेसमेंट हासिल करनी है, ठीक वैसे ही जैसे अभिमन्यु चक्रव्यूह में घुसा था।’
सामने वाला यह भी नहीं कह पाएगा कि उसे तो बाहर निकलना आता ही नहीं था, क्योंकि अमेजन जैसी कंपनी में नौकरी मिलने पर बाहर कौन आना चाहता है? ठीक ऐसा ही मेरे एक दोस्त के बेटे ने किया, जो इस साल पासआउट होने वाला है। जब मेटा प्लेटफॉर्म्स, कॉइनबेस, ब्लॉक और क्लाउडफ्लेयर जैसी कई टेक कंपनियां एआई रीस्ट्रक्चरल प्लान के तहत नौकरियों में कटौती की घोषणा कर रही थीं, तब इस युवक ने पूरा फोकस अमेजन पर रखा। ‘इतने कठिन बाजार में नौकरी कैसे मिलेगी?’
काउंसलर्स से ऐसे सामान्य से सवाल पूछने के बजाय उसने सीधा पूछा कि ‘अमेजन में एंट्री पाने के लिए क्या करना चाहिए?’ उसने कभी सैलरी, पद या लोकेशन की चिंता नहीं की। उसने खुद से कहा कि ‘पहले मैं कंपनी में एंट्री करूंगा, फिर अपनी स्पीड और एआई की समझ से टॉप मैनेजमेंट को चौंका दूंगा।’ उसने अपने आसपास ऐसे पोस्टर्स लगाने शुरू किए- ‘अप्रैल 2026 में साल-दर-साल आईटी और कंप्यूटर साइंस की जॉब पोस्टिंग 14.2% बढ़ी हैं।’ उसके दूसरे पोस्टर में था कि ‘ एआई आज भी कोडिंग में बहुत-सी गलतियां करता है, इसलिए मैं क्वालिटी एश्योरेंस की सेवाएं दे सकता हूं।’
मोबाइल में वॉलपेपर लगाए गए इसी पोस्टर ने इंटरव्यू में उसकी मदद की। जब उससे पूछा गया कि ‘एआई कैसी गलतियां करता है और आप कैसे मदद कर सकते हैं?’ तो उसने पूरे आत्मविश्वास से जवाब दिया और नौकरी हासिल कर ली। हाल ही अमेजन वेब सर्विसेज के सीईओ मैट गार्मन ने भी सार्वजनिक रूप से कहा कि पिछले वर्षों की भांति कंपनी 2026 में भी 11 हजार सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग इंटर्न्स और शुरुआती स्तर के कर्मचारियों की भर्ती करेगी।
उनका अनुमान है कि ईरान युद्ध अगर अगस्त तक खत्म हो जाता है तो कोविड के बाद पहली बार आईटी जॉब मार्केट फिर बढ़ेगा। यह तब है, जब कंपनी 16 हजार नौकरियां कम कर रही है। विशेषज्ञों से बात करने के बाद उस युवक ने समझ लिया था कि टेक कंपनियों को आज भी ऐसे इंसानों की जरूरत है, जो कंपनी को अधिक तेजी से ऊपर उठाने में मदद कर सकें।
आउटप्लेसमेंट फर्म ‘चैलेंजर ग्रे एंड क्रिसमस’ के चीफ रेवेन्यू ऑफिसर एंडी चैलेंजर ने एक साक्षात्कार में कहा कि ‘यह एक दिलचस्प विरोधाभास है। जो लोग एआई की मदद से प्रोग्राम बना सकते हैं, कंपनी के अलग-अलग हिस्सों को जोड़ सकते हैं और कोडिंग के जरिए ये सभी सेवाएं दे सकते हैं, उनकी मांग पहले से कहीं अधिक है। क्योंकि, वे बहुत अधिक काम बहुत जल्दी कर सकते हैं।’ अचंभा नहीं कि इसीलिए वह युवक ‘स्पीड’ की बात कर रहा था।
एक अन्य मीडिया रिपोर्ट में क्लाउड सर्विस प्रोवाइडर बॉक्स के सीईओ एरन लेवी ने कहा कि उन्हें लगता है कि कई टेक कंपनियां ज्यादा इंजीनियर्स की भर्ती कर रही हैं, लेकिन अब नई तरह की तकनीकी भूमिकाओं की जरूरत है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा कि अब नई भूमिकाएं उभर रही हैं। वे खुद ऐसे व्यक्ति को नियुक्त कर रहे हैं, जो कंपनी के पूरे टेक्निकल इंफ्रास्ट्रक्चर में एआई सिस्टम्स को जोड़ सके, क्योंकि एआई को लागू करना काफी जटिल है। उन्हें पूरा भरोसा है कि प्रत्येक बैंक, फार्मास्युटिकल कंपनी, हेल्थकेयर सर्विस प्रोवाइडर और हर मैन्युफैक्चरर बड़ी संख्या में ‘इम्प्लीमेंटिंग एजेंट्स’ भर्ती करने वाला है।
फंडा यह है कि नौकरियां खत्म होने जैसी नकारात्मक खबरों पर ध्यान मत दीजिए। फोकस इस पर रखिए कि किसी खास कंपनी में एंट्री कैसे मिले और वहां जाकर आप क्या कमाल कर सकते हैं। फिर देखिए, फ्रेश ग्रेजुएट होने के बावजूद कैसे आप कंपनी में सबसे महत्वपूर्ण बन जाते हैं।









