![]()
अगर आपकी अलमारी में अभी भी बैगी जींस और ओवरसाइज टी-शर्ट का दबदबा है, तो अगले सीजन कुछ बदलाव के लिए तैयार रहिए। मिलान फैशन वीक के मेन्स शो में दुनिया के बड़े फैशन हाउस ने साफ संकेत दिए कि अब फोकस ढीले-ढाले सिल्हूट से हटकर बेहतर फिटिंग, क्लीन कट और क्लासिक स्टाइल पर लौट रहा है। सबसे ज्यादा चर्चा जींस की रही। इस बार पारंपरिक नीले डेनिम की जगह हरे, बरगंडी, सफेद और लेदर फिनिश वाले ट्राउजर नजर आए। संदेश साफ था-जींस रहेगी, लेकिन उसका रंग और अंदाज बदलेगा। इसी तरह गर्मियों के लिए शॉर्ट-स्लीव ब्लेजर भी आकर्षण का केंद्र रहे। ये फॉर्मल टेलरिंग को हल्का और ज्यादा व्यावहारिक बनाने की कोशिश माने जा रहे हैं। वेकेशन वियर में सिर से पांव तक सफेद कपड़ों का चलन दिखाई दिया। हल्के फैब्रिक, खुले गले की शर्ट और सहज सिल्हूट ने मेडिटेरेनियन समर का एहसास कराया। वहीं प्रीपी स्टाइल की भी वापसी के संकेत मिले। कार्डिगन, ऑक्सफोर्ड शर्ट, रोइंग ब्लेजर और कॉलेज-प्रेरित क्लासिक लुक फिर रैम्प पर दिखाई दिए। एक और दिलचस्प बदलाव एक्सेसरीज में दिखा। छोटे स्लिंग बैग की जगह बड़े लेदर सैचेल और टोट बैग ने जगह बनाई। यानी पुरुषों के लिए बैग अब सिर्फ जरूरत नहीं, स्टाइल स्टेटमेंट भी बन रहे हैं। इन ट्रेंड्स का मतलब यह नहीं कि अगले महीने ही हर किसी की अलमारी बदल जाएगी। लेकिन जैसा अक्सर होता है, मिलान के रैम्प पर दिखने वाले कई डिजाइन अगले कुछ सीजन में बड़े ब्रांडों और फिर आम बाजार तक पहुंचते हैं। इस बार संकेत साफ हैं कि कम दिखावा, बेहतर फिटिंग और क्लासिक अंदाज के साथ नए रंगों का मेल ही अगले सीजन के मेन्स फैशन की पहचान बन सकता है।
Source link








