नारायणपुर छंगा में बृहस्पतिवार को भाजपा नेता अजय प्रताप सिंह के जन्मदिन की पार्टी में आए लोगों और ग्रामीणों के बीच बवाल के मामले में एक और एफआईआर दर्ज की है। यह एफआईआर भाजपा नेता अजय प्रताप के समर्थक की ओर से दर्ज कराई गई है।
इसमें अनुसूचित जाति के 13 नामजद और कुछ अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। वाहनों में तोड़फोड़, घर में घुसकर हमला और खुद डॉ. आंबेडकर की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर माहौल खराब करने का आरोप लगाया गया है।
भाजपा नेता अजय प्रताप सिंह के कार्यक्रम के बाद बृहस्पतिवार की रात करीब दस बजे नारायणपुर छंगा गांव में जमकर बवाल हुआ था। शुक्रवार को गांव और कोतवाली में राजनीतिक दलों के हंगामा और प्रदर्शन के बाद भाजपा नेता अजय प्रताप सिंह, उनके भाई अभय प्रताप सिंह समेत 12 नामजद और 150 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
इसकी विवेचना सीओ आशीष प्रताप सिंह को सौंपी गई है। शनिवार को पुलिस ने ठाकुरद्वारा के रमनावाला निवासी मिशरचंद की तहरीर पर एक और रिपोर्ट दर्ज की है। इसमें बताया गया है कि 16 अप्रैल को नारायणपुर छंगा में भाजपा नेता अजय प्रताप सिंह का जन्मदिन था।








