![]()
सोशल मीडिया की दुनिया में जेन-जी पुराने शब्दों को नए अर्थ देने में माहिर है। अब उनकी ऑनलाइन डिक्शनरी में ‘पॉलिएस्टर’ नया स्लैंग बनकर तेजी से वायरल हो रहा है। कपड़ों के सिंथेटिक फैब्रिक के तौर पर पहचाना जाने वाला पॉलिएस्टर अब किसी व्यक्ति, लाइफस्टाइल या कंटेंट को सस्ता, बनावटी, जरूरत से ज्यादा सजाया-संवारा या नकली चमक वाला बताने के लिए इस्तेमाल हो रहा है। अब जेन-जी के लिए पॉलिएस्टर सिर्फ कपड़ा नहीं, बल्कि एक पूरी वाइब है। किसी की लाइफस्टाइल जरूरत से ज्यादा पॉलिश्ड और नकली लगे तो एक शब्द काफी है- ‘ये तो पूरा पॉलिएस्टर है।’ इस ट्रेंड को तब ज्यादा चर्चा मिली, जब न्यूयॉर्क की एक 18 वर्षीय सोशल मीडिया यूजर ने अपनी भविष्य की ‘ड्रीम लाइफ’ का वीडियो पोस्ट किया। इसमें सुबह 6 बजे उठना, पेंटहाउस में रहना, दोस्तों के साथ बाइबल स्टडी करना, ब्लू-लाइट ग्लास पहनकर डीप वर्क करना और एआई एजेंट से काम करवाने जैसी बातें थीं। वीडियो पर किसी ने कमेंट किया-‘पॉलिएस्टर लाइफस्टाइल’। इस कमेंट को 40 हजार से ज्यादा लाइक्स मिले। पॉलिएस्टर अब एक रूपक बन गया है- ऐसी चीज जो दूर से प्रीमियम और शानदार दिखे, लेकिन नजदीक और बारीकी से देखने पर जेनेरिक और बनावटी लगे।
Source link







