![]()
अमेरिका में इन दिनों पुरुषों को ‘अल्फा मेल’ यानी दबंग मर्द बनाने के नाम पर महंगे ट्रेनिंग कैंप और कोर्स तेजी से बढ़ रहे हैं। राइज जैसे 3 दिन के प्रोग्राम में करीब 2.78 लाख रुपए लेकर पुरुषों को कठिन और कई बार अपमानजनक स्थितियों में रखा जाता है। ट्रेनिंग की शुरुआत में प्रतिभागियों की आंखों पर पट्टी बांधकर उन्हें पुरानी जिंदगी से काटने की कोशिश होती है। इसके बाद कीचड़ में रेंगना, भारी सामान उठाना, बिना तकिए सोना और अंधेरी सुरंगों में चलना जैसे टास्क कराए जाते हैं। प्रोग्राम का एक हिस्सा भावनात्मक दबाव पर भी टिका है। प्रतिभागियों के बैग में रंगीन पत्थर रखे जाते हैं, जिन्हें गुस्सा, अपराधबोध, शर्म और दुख का प्रतीक बताया जाता है। फिर उनसे इन बातों पर सबके सामने बोलने को कहा जाता है। कई बार सख्त दिखने वाले पुरुष भी निजी जिंदगी, शादी टूटने के डर और युद्ध के ट्रॉमा पर रो पड़ते हैं। इसे ग्रुप ब्रदरहुड कहकर सपोर्ट करता है। यह ट्रेंड अब वयस्कों से निकलकर 12 से 17 साल के किशोरों तक पहुंच रहा है। कैलिफोर्निया में ऐसे सेशन में बच्चों से भारी वजन उठवाकर दौड़ लगवाई जाती है और उन्हें 7 मिनट तक बर्फ जैसे ठंडे पानी (आइस बाथ) में रखा जाता है। ट्रेनिंग में लापरवाही से मौत, लाखों की फीस और प्रताड़ना इस इंडस्ट्री का एक काला पक्ष सुरक्षा में लापरवाही भी है। 2019 में शुरू हुए ‘मॉडर्न डे नाइट प्रोजेक्ट’ में करीब 16 लाख रुपए की फीस के बीच नींद की कमी और डूबने जैसी नकली स्थितियों के दौरान 30 साल के प्रतिभागी रिचर्ड स्पून की मौत हो गई थी। आरोप लगे कि ट्रेनिंग में आपसी मारपीट तक शामिल थी। बाद में यह प्रोग्राम 2024 में बंद करना पड़ा।
Source link








