![]()
घर पर पार्टी या बड़ा आयोजन है और आप चाहते हैं कि सेलेब्रिटी शेफ खुद आकर पकाएं और मौके को यादगार बना दें… बिल्कुल! यह ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। देश के अल्ट्रा रिच व खाने के शौकीनों ने इसे दिशा दी है। रेस्तरां की भीड़भाड़, शोरगुल व वेटिंग लिस्ट से दूर,‘प्राइवेट शेफ एट होम’ व ‘सीक्रेट सपर क्लब’ की बढ़ती मांग… इन दिनों मेहमाननवाजी की नई क्रांति है। इस बदलाव की सबसे बड़ी वजह लोगों की खास और व्यक्तिगत अनुभव की चाहत है। रेस्तरां के तय समय और सीमित मेन्यू के बजाय अब लोग पसंद, स्वाद और जीवनशैली के अनुरूप खाना चाहते हैं। प्राइवेट शेफ के साथ खाना सिर्फ खाने तक सीमित नहीं रहता, बल्कि यादगार अनुभव बन जाता है। लाइव कुकिंग के दौरान शेफ हर डिश की कहानी व उसकी खासियत भी साझा करते हैं। वहीं, सेहत को लेकर जागरूक लोग वीगन या ग्लूटन-फ्री जैसी डाइट के अनुसार मेन्यू को जरूरतों के हिसाब से तैयार करवा सकते हैं। तुर्किये के आठवीं पीढ़ी के उस्मानी हेरिटेज शेफ और पारंपरिक तुर्की और उस्मानी व्यंजनों के एक्सपर्ट गोकहान एसर केसेन भारत में अनूठी पहल ‘गिज्ली सोफ्रा’ (गुप्त मेज) चला रहे हैं, जहां शाही व्यंजनों के परोसने की जगह को सिर्फ आमंत्रितों के लिए सीक्रेट रखा जाता है। बेंगलुरु में शेफ अनुराग अरोड़ा अपने घर में ‘अपार्टमेंट’ नाम से कम्युनिटी-स्टाइल प्राइवेट टेबल होस्ट करते हैं। मुंबई में शेफ वरुण तोतलानी और ‘मास्क’ टीम नाहरगढ़ फोर्ट जैसे ऐतिहासिक स्थलों पर हाइपर एक्सक्लूसिव डाइनिंग अनुभव देती है। वहीं, चेन्नई की शेफ मदुलिका सुंदरम ऊटी के ऑर्गेनिक फार्म से ताजी सामग्री लाकर ‘फार्म-टू-टेबल’ भोजन परोसती हैं। असम की शेफ स्नेहा सैकिया प्राइवेट सपर टेबल्स के जरिए पूर्वोत्तर के पारंपरिक और जनजातीय व्यंजन पेश करती हैं। स्नेहा इस मंच का उपयोग खाना पकाने के साथ लोककथाएं साझा करने और स्थानीय समुदायों को सशक्त बनाने के लिए भी कर रही हैं। इस अनुभव को यादगार बनाने के लिए गोरमे एग्रीगेटर्स जैसे ‘बुकमायशेफ’, ‘गारनिश’ और ‘कूक्स’ जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म्स बड़ी भूमिका निभा रहे हैं। इनके जरिए दिल्ली-एनसीआर, गोवा से लेकर अहमदाबाद तक खास मौके के लिए वेरिफाइड और अनुभवी शेफ को बुक करना बेहद आसान हो गया है। इंडस्ट्री एक्सपर्ट मानते हैं कि इस मॉडल में शेफ को रेस्टोरेंट के भारी-भरकम किराए और कमर्शियल खर्चों से मुक्ति मिल जाती है। वे इस बचे हुए बजट को सीधे तौर पर बेहतरीन, स्थानीय और प्रीमियम सामग्रियों को खरीदने में लगाते हैं, जिससे गुणवत्ता कई गुना बढ़ जाती है। कुलमिलाकर फाइन डाइनिंग के मायने बदल चुके हैं। आज के दौर में सबसे बड़ा लग्जरी अनुभव वह है, जो बेहद निजी हो और आपके घर के आराम के बीच सजता हो। जाने-माने शेफ की मौजूदगी की फीस लाखों रुपए में संजीव कपूर आमतौर पर अपनी सिग्नेचर कंपनी ‘गोल्ड लीफ गॉरमे केटरिंग’ के जरिए वीआईपी व निजी आयोजनों की केटरिंग संभालते हैं। उनकी प्रीमियम सेवा का शुरुआती शुल्क 50 लोगों के समूह के लिए लगभग ₹1,500-2,500 प्रति प्लेट से शुरू होता है। वहीं, यदि उनकी व्यक्तिगत मौजूदगी और विशेष रूप से तैयार मेन्यू शामिल हो, तो कुल फीस लाखों रुपए तक पहुंच सकती है। विकास खन्ना न्यूयॉर्क में रहते हैं। अमेरिकी सेलिब्रिटी बुकिंग एजेंसी ऑल अमेरिकन स्पीकर्स के मुताबिक के लिए उनकी एक शाम की व्यक्तिगत उपस्थिति और विशेष रूप से क्यूरेटेड डाइनिंग अनुभव की फीस करीब 16 लाख से ₹40 लाख रु. या ज्यादा हो सकती है। इसमें यात्रा और अन्य लॉजिस्टिक खर्च अलग से जोड़े जाते हैं।
Source link








